सोना-चांदी की कीमतों में जारी तेजी पर अचानक ब्रेक लग गया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर गुरुवार को कारोबार की शुरुआत के साथ ही दोनों कीमती धातुओं के वायदा भाव में गिरावट देखने को मिली। बीते 12 दिनों से तेजी के साथ बढ़ रही चांदी की कीमत घटकर 2.35 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास आ गई। वहीं 24 कैरेट सोने का भाव भी गिरकर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गया।
चांदी में तेजी पर लगा ब्रेक
एमसीएक्स पर 4 सितंबर की एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव कारोबार शुरू होते ही गिरकर 2,35,657 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। बुधवार को चांदी 2,37,835 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इस तरह गुरुवार को बाजार खुलते ही चांदी 2,178 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई।
12 दिन से जारी थी चांदी में तेजी
अगस्त महीने की शुरुआत से ही चांदी की कीमत में तेजी का सिलसिला जारी था। बीते जुलाई महीने के आखिरी कारोबारी दिन चांदी का एमसीएक्स क्लोजिंग प्राइस 2,17,198 रुपये प्रति किलोग्राम था। वहीं 12 अगस्त तक इसकी कीमत बढ़कर 2,37,835 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई थी। यानी इस दौरान चांदी 20,637 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हुई।
हाई से अब कितनी सस्ती है चांदी?
एमसीएक्स पर चांदी ने इस साल 29 जनवरी को ऐतिहासिक स्तर छुआ था। उस दिन चांदी पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को पार करते हुए 4,20,048 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी। इसके बाद कीमतों में गिरावट देखने को मिली।
गुरुवार के शुरुआती भाव से तुलना करें तो चांदी अपने रिकॉर्ड हाई से 1,84,391 रुपये प्रति किलोग्राम नीचे है।
सोने का भाव भी खुलते ही फिसला
गुरुवार को सिर्फ चांदी ही नहीं, बल्कि सोने के वायदा भाव में भी गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर 5 अक्टूबर की एक्सपायरी वाले 24 कैरेट सोने का भाव गिरकर 1,53,849 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। बुधवार को सोना 1,54,882 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
इस तरह बाजार खुलते ही सोने की कीमत में 1,033 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई।
अगस्त में सोने के भाव में भी तेज उछाल
अगस्त में सोने की कीमत भी चांदी के साथ तेजी से बढ़ी है। 31 जुलाई को एमसीएक्स पर 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,43,376 रुपये था। वहीं 12 अगस्त तक बढ़कर यह 1,54,882 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया था।
इस तरह अगस्त के शुरुआती 12 दिनों में सोना 11,506 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ। गुरुवार की गिरावट के बावजूद सोने की कीमत हालिया स्तरों के मुकाबले काफी ऊंची बनी हुई है।

