बदरीनाथ हाईवे पर भूस्खलन, मलबा गिरने से यातायात बाधित; वाहनों की लगी लंबी कतार

Thecity news
3 Min Read

बाजपुर के पास पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थर और मलबे के कारण हाईवे बंद, यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया

चमोली में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाजपुर के पास रविवार को अचानक भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। भूस्खलन का मंजर कैमरे में भी कैद हुआ है, जिसमें पहाड़ से मलबा और पत्थर गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं। मार्ग बंद होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मलबा हटाने में जुटी टीमें, लगातार गिर रहे पत्थर

भूस्खलन की सूचना मिलते ही संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं और हाईवे से मलबा हटाने का काम शुरू किया। हालांकि, पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण राहत और बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए चमोली पुलिस के जवान भी मौके पर तैनात हैं।

वाहनों का रूट डायवर्ट

बाजपुर के पास यातायात बाधित होने के कारण फिलहाल वाहनों की आवाजाही कोठियाल सैन, सांवरीसेन होते हुए नंदप्रयाग की ओर डायवर्ट की जा रही है। प्रशासन की ओर से यात्रियों से सावधानी बरतने और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों के साथ ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।

जल्द हाईवे खोलने की कोशिश

तहसील प्रशासन के मुताबिक सड़क से मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि जल्द से जल्द बदरीनाथ हाईवे को यातायात के लिए सुचारु किया जा सके। फिलहाल लगातार पत्थर गिरने के कारण मौके पर सावधानी बरती जा रही है।

मैठाणा में मालवाहक ट्रक भी भूस्खलन की चपेट में

वहीं, बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मैठाणा भू-धंसाव क्षेत्र में एक मालवाहक ट्रक भी भूस्खलन की चपेट में आ गया। खास बात यह है कि इसी स्थान पर राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर से 400 करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर ट्रीटमेंट कराया गया था। इसके बावजूद भू-धंसाव की घटनाएं सामने आने से सड़क की स्थिति और किए गए ट्रीटमेंट की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share This Article