सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद त्रिपुरा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और राज्य के मुख्यमंत्री ने भी कार्रवाई की मांग की।
पुरानी दिल्ली में त्रिपुरा के एक युवक के साथ कथित नस्लीय बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आमिर शौकीन के खिलाफ त्रिपुरा पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। त्रिपुरा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो में आमिर शौकीन पूर्वोत्तर भारत के त्रिपुरा के रहने वाले एक युवक से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक के अपने राज्य के बारे में बताने के बाद आमिर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते और उसका मजाक उड़ाते नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उनके व्यवहार की आलोचना की और कार्रवाई की मांग की।
किरेन रिजिजू और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने की कार्रवाई की मांग
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
इस बीच, बीजेपी की त्रिपुरा इकाई ने आरोप लगाया है कि आमिर शौकीन कांग्रेस पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता हैं।
आमिर ने वीडियो को बताया स्क्रिप्टेड, मांगी माफी
वीडियो वायरल होने के बाद आमिर शौकीन का एक और वीडियो सामने आया, जिसमें वह माफी मांगते नजर आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वायरल वीडियो पहले से तय पटकथा के अनुसार बनाया गया था।
आमिर ने कहा कि वह कंटेंट क्रिएटर हैं और इस तरह के मजाकिया वीडियो बनाते रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके वीडियो से किसी को ठेस पहुंची है, तो उन्हें माफ कर दिया जाए। हालांकि, उनकी सफाई के बावजूद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग जारी है।
दिल्ली पुलिस की साइबर सेल कर रही जांच
मामले की जानकारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर नॉर्थ ईस्ट रीजन को मिली थी। इसके बाद यूनिट ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की साइबर सेल को सूचित किया। फिलहाल साइबर सेल की आईएफएसओ यूनिट मामले की जांच कर रही है।
आमिर के भाई आलीशान ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह आमिर से 20 साल बड़े हैं और यदि कोई इस तरह का वीडियो बनाता है, तो यह जाहिर तौर पर गलत है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

