कांग्रेस की वरिष्ठ नेता ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया। किताब में इटली में बचपन, राजीव गांधी से प्रेम और परिवार को खोने के अनुभवों की कहानी होगी।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस किताब को लेकर खुशी जाहिर की और कहा कि यह प्यार, कर्तव्य, अपनों को खोने और अपनी जगह तलाशने की कहानी है।
सोनिया गांधी ने पोस्ट में लिखा, “नमस्ते सभी को, आप सबके साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। पेश है ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक। यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनी जगह खोजने की कहानी है। मुझे इसे आप सबके साथ साझा करने का बेसब्री से इंतजार है।”
इटली में बचपन से भारत तक के सफर की कहानी
सोनिया गांधी की इस किताब में उनके जीवन के कई अहम पड़ावों का जिक्र किया गया है। इसमें द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में बीते उनके बचपन, कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और उनसे प्रेम की कहानी शामिल है, जिसने उन्हें भारत तक पहुंचाया।
किताब में यह भी बताया गया है कि निजी जीवन में अपनों को खोने के दुख ने उनके जीवन और भारत के साथ उनके रिश्ते को किस तरह प्रभावित किया। इसमें उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या तथा पति राजीव गांधी की हत्या से जुड़े निजी और भावनात्मक अनुभवों का भी जिक्र है।
कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी ने इस किताब में अपने जीवन के कई महत्वपूर्ण अनुभवों और यादों को साझा किया है।
राहुल गांधी ने भी जताई थी खुशी
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी मां की किताब को लेकर खुशी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें गर्व है कि सोनिया गांधी की कहानी उन लाखों लोगों तक पहुंचेगी, जो उनसे प्यार करते हैं।
राहुल गांधी ने अपनी मां के निजी स्वभाव का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया के सामने अपने जीवन की कहानी साझा करना उनके लिए आसान नहीं रहा होगा। उन्होंने भावुक संदेश में यह भी लिखा कि उन्हें लगता है कि इस खास मौके पर उनके पिता राजीव गांधी अपनी सोनिया को देखकर मुस्कुरा रहे होंगे और उन पर गर्व कर रहे होंगे।

