अजय देवगन, अरशद वारसी और जावेद जाफरी स्टारर ‘धमाल 4’ को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला। फिल्म ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 13.75 करोड़ रुपये की कमाई करते हुए कई फिल्मों के ओपनिंग डे रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए।
कॉमेडी फिल्मों के शौकीनों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। अजय देवगन, अरशद वारसी और जावेद जाफरी की लोकप्रिय तिकड़ी एक बार फिर ‘धमाल 4’ के साथ बड़े पर्दे पर लौटी है। फिल्म को रिलीज के पहले ही दिन दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला और सिनेमाघरों में अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। शानदार वर्ड ऑफ माउथ का असर शाम और रात के शोज में साफ दिखाई दिया, जिससे फिल्म की ओपनिंग उम्मीद से कहीं बेहतर रही।
पहले दिन 13.75 करोड़ रुपये की कमाई
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के मुताबिक, ‘धमाल 4’ ने रिलीज के पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 13.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। देशभर में फिल्म के करीब 10,669 शोज प्रदर्शित किए गए, जो इसकी मजबूत डिमांड को दर्शाते हैं। पहले दिन फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 16.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
विदेशों में भी मिला शानदार रिस्पॉन्स
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशी बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने पहले दिन करीब 5 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके साथ ही ‘धमाल 4’ का पहले दिन का कुल वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 21.50 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
कई फिल्मों के ओपनिंग डे रिकॉर्ड टूटे
मजबूत ओपनिंग के साथ ‘धमाल 4’ ने कई हालिया रिलीज फिल्मों के पहले दिन के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने ‘मर्दशी 3’, ‘हॉन्टेड 3डी’, ‘पेद्दी’, ‘ओ रोमियो’, ‘चांद मेरा दिल’, ‘राजा शिवाजी’, ‘पति पत्नी और वो दो’, ‘अल्फा’, ‘जवानी तो इश्क होना है’ और ‘इक्कीस’ जैसी फिल्मों के ओपनिंग डे कलेक्शन से बेहतर प्रदर्शन किया है।
वीकेंड पर रहेगी नजर
फिल्म को पहले दिन मिली शानदार शुरुआत के बाद अब सभी की नजरें वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं। यदि दर्शकों का यही उत्साह बरकरार रहा तो ‘धमाल 4’ शुरुआती सप्ताहांत में और भी बड़े आंकड़े दर्ज कर सकती है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म की मजबूत फैमिली अपील और कॉमेडी कंटेंट इसे बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस का खिलाड़ी बना सकते हैं।

