कांदिवली में 12वीं की छात्रा की निर्मम हत्या, एकतरफा प्यार में 16 से अधिक चाकू के वार; 4 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Thecity news
3 Min Read

मुंबई के कांदिवली पूर्व स्थित दामू नगर के जंगल क्षेत्र में 12वीं की छात्रा की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महज चार घंटे में 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मुंबई के कांदिवली पूर्व स्थित दामू नगर सातारा कैम्प के पास जंगल क्षेत्र में 12वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। समता नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर 22 वर्षीय आरोपी सूरज मारुति वाघमारे को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दामू नगर लहु गढ़ स्थित सरस्वती चाल का निवासी है। छात्रा का शव जंगल क्षेत्र से बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में उसके चेहरे पर चाकू से किए गए 16 से अधिक वार के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से छात्रा पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। परिजनों का आरोप है कि वह आत्महत्या की धमकी देकर छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इस संबंध में परिवार ने पहले भी समता नगर पुलिस से शिकायत की थी। उस समय पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया था, लेकिन परिवार ने युवक का भविष्य खराब न हो, इस सोच के चलते उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराई थी।

परिजनों के मुताबिक, घटना से एक रात पहले छात्रा अचानक घर से लापता हो गई थी। उसकी तलाश के दौरान परिवार आरोपी के घर भी पहुंचा, लेकिन आरोपी और उसके परिजनों ने किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया। बाद में छात्रा का शव जंगल क्षेत्र में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही समता नगर पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या की पूरी साजिश कैसे रची गई और घटना के समय क्या परिस्थितियां थीं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *