31 जुलाई को रिलीज हुई फिल्म ने शनिवार को कमाए 9।25 करोड़ रुपये, बजट से कई गुना ज्यादा हुई कमाई; वर्ड ऑफ माउथ का मिल रहा जबरदस्त फायदा
थिएटर्स में इस समय कई बड़ी फिल्में रिलीज हुई हैं, लेकिन ‘हनुमान अंश’ ने दर्शकों का खास ध्यान खींचा है। 31 जुलाई को रिलीज हुई इस फिल्म की शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन तीसरे हफ्ते में इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। फिल्म ने अब बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली है और दर्शकों से इसे शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है।
शनिवार को कमाए 9।25 करोड़ रुपये
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने शनिवार को 9।25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म के कुल 4137 शोज बुक हुए और इसकी ऑक्यूपेंसी 53 प्रतिशत रही। इसके साथ ही फिल्म का भारतीय नेट कलेक्शन 27।38 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
एक दिन पहले यानी शुक्रवार को फिल्म ने 6।25 करोड़ रुपये कमाए थे। ऐसे में शनिवार को इसकी कमाई में करीब 48 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। फिल्म को दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया का सीधा फायदा बॉक्स ऑफिस पर मिल रहा है।
सिर्फ 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म
‘हनुमान अंश’ का निर्माण करीब 1।8 से 2 करोड़ रुपये के बजट में किया गया है। फिल्म ने अपनी लागत से कई गुना ज्यादा कमाई कर ली है। धीमी शुरुआत के बावजूद अब यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल फिल्मों की सूची में शामिल हो चुकी है।
फिल्म प्रसिद्ध संत नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी चमत्कारी शक्तियों पर आधारित बताई गई है। फिल्म के साथ-साथ इसके गानों को भी सोशल मीडिया पर दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
23वें दिन बदली फिल्म की पूरी कहानी
‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के पहले दिन महज 10 लाख रुपये कमाए थे। दूसरे दिन इसकी कमाई 20 लाख और तीसरे दिन 30 लाख रुपये रही। शुरुआती 16 दिनों तक फिल्म का कारोबार अपेक्षाकृत धीमा रहा और कई दिनों में इसका कलेक्शन लाखों में ही रहा।
फिल्म ने पहली बार 17वें दिन करोड़ों में कमाई की। उस दिन इसने 2।20 करोड़ रुपये जुटाए। इसके बाद 18वें दिन 1।25 करोड़, 19वें दिन 2।35 करोड़ और 20वें दिन 1।50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
21वें दिन फिल्म ने 2।10 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद 22वें दिन कमाई बढ़कर 6।25 करोड़ रुपये और 23वें दिन 9।25 करोड़ रुपये पहुंच गई। यानी महज कुछ दिनों में फिल्म के कारोबार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला।
वर्ड ऑफ माउथ का मिला फायदा
फिल्म की कमाई में अचानक आई तेजी की बड़ी वजह दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मानी जा रही है। ‘हनुमान अंश’ में कोई बड़ा सुपरस्टार नहीं है, इसके बावजूद कहानी और फिल्म को मिल रही तारीफ ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा है।
फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए रविवार को इसकी कमाई 10 करोड़ रुपये के आंकड़े को भी पार कर सकती है। तीसरे हफ्ते में मिली यह मजबूती फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
शूटिंग के दौरान भी रखा गया खास ध्यान
फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर केवल शाकाहारी खाना परोसे जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा हर दिन काम शुरू करने से पहले हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाता था। फिल्म की कहानी और इसके आध्यात्मिक विषय को देखते हुए निर्माण के दौरान इन बातों का विशेष ध्यान रखा गया।

