मेसी के कोलकाता कार्यक्रम में अव्यवस्था पर बड़ा ऐलान, 33 हजार फैंस को लौटाए जाएंगे टिकट के पैसे

Thecity news
4 Min Read

राष्ट्रीय खेल दिवस पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा- मेसी कार्यक्रम के टिकट रिफंड की प्रक्रिया शुरू, खेल क्षेत्र में राजनीतिक दखल खत्म करने का भी दावा

राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पिछले साल कोलकाता में आयोजित लियोनेल मेसी के कार्यक्रम में हुई अव्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने ऐलान किया कि युवा भारती स्टेडियम में कार्यक्रम के लिए टिकट खरीदने वाले करीब 33 हजार दर्शकों को उनके टिकट के पैसे वापस किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के मुताबिक रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही सभी पात्र दर्शकों को उनका पैसा वापस मिल जाएगा।

मेसी को देखने पहुंचे थे देशभर से फैंस

दरअसल, 13 दिसंबर 2025 को अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी कोलकाता पहुंचे थे। उनके कार्यक्रम को लेकर देशभर के प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह था। बड़ी संख्या में फैंस उन्हें देखने के लिए कोलकाता पहुंचे और कार्यक्रम के लिए 4 हजार से 6 हजार रुपये तक की टिकट खरीदी थी।

हालांकि, कार्यक्रम के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली। इसके बाद दर्शकों ने टिकट के पैसे वापस करने की मांग की थी। लंबे समय तक रिफंड नहीं मिलने के बाद अब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस मामले में भुगतान वापस करने का ऐलान किया है।

शुभेंदु अधिकारी ने TMC सरकार पर साधा निशाना

राष्ट्रीय खेल दिवस के कार्यक्रम में शुभेंदु अधिकारी ने पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हर खेल क्षेत्र या संगठन पर राजनीति का नियंत्रण क्यों होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार खेल व्यवस्था में बदलाव लाकर पूरे सिस्टम का कायापलट करेगी।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में प्रतिभा, बुद्धि, समर्पण और फोकस की कोई कमी नहीं है, लेकिन जरूरी सिस्टम, पहल और राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी रही है। उनकी सरकार इन कमियों को दूर करने के लिए बड़े बदलाव करेगी।

खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र, 11 साल पुराने मामलों का भी जिक्र

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बेहतरीन खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उन्हें नियुक्ति पत्र भी सौंपे। उन्होंने दावा किया कि नियुक्ति पाने वाले कई खिलाड़ियों के कागजात करीब 11 साल से मुख्यमंत्री कार्यालय में पड़े थे।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए व्यवस्था में सुधार करेगी। उन्होंने खेल क्षेत्र में पारदर्शिता और सुविधाओं को बढ़ाने पर भी जोर दिया।

294 विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगे इनडोर स्टेडियम

मुख्यमंत्री ने खेल क्षेत्र के लिए अपनी सरकार के रोडमैप की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने खेल क्षेत्र के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट रखा है। यह बजट पूरे साल के लिए नहीं, बल्कि आठ महीने के लिए है।

उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों में छोटे इनडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे। इन स्टेडियमों में टेनिस कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट और जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हालांकि, उन्होंने माना कि एक साल में सभी 294 स्टेडियम बनाना मुश्किल है। इसलिए सरकार हर साल करीब 100 इनडोर स्टेडियम बनाने की दिशा में काम करेगी।

Share This Article