फिरोजपुर के मामडोट में वारदात, नगर पार्षद गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की मौत; साथ मौजूद हरप्रीत गंभीर रूप से घायल, चुनावी रंजिश का शक
पंजाब के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और नगर पार्षद गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात मामडोट कस्बे में शनिवार 29 अगस्त की शाम करीब 7:45 बजे हुई। बाइक से जा रहे गोपी का अज्ञात हमलावरों ने पीछा किया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
कार सवार चार हमलावरों ने की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक गोपी अपने साथी हरप्रीत उर्फ हैप्पी के साथ बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान कार में सवार चार हथियारबंद हमलावरों ने उनका पीछा किया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से गोपी गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात के बाद उन्हें इलाज के लिए फिरोजपुर के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके साथ मौजूद हरप्रीत उर्फ हैप्पी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए लुधियाना के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
गोलीबारी की सूचना मिलते ही फिरोजपुर ग्रामीण के डीएसपी करण कुमार शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू करने के साथ ही आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित की हैं।
शुरुआती जांच में वारदात के पीछे चुनावी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार हमलावरों की पहचान किए जाने का दावा किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि वारदात का मुख्य आरोपी कथित तौर पर आपराधिक रिकॉर्ड रखता है और पहले भी कई गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहा है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और हमले के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
गोपी की हत्या के बाद मामडोट इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह वारदात ऐसे समय में हुई है जब पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

