IIM अहमदाबाद प्लेसमेंट में नया रिकॉर्ड, 2.31 करोड़ रुपये का इंटरनेशनल जॉब ऑफर, जानें किस कंपनी ने दिया सबसे बड़ा पैकेज

Thecity news
3 Min Read

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) अहमदाबाद के प्लेसमेंट 2026 में नया रिकॉर्ड बना है। इंडियन प्लेसमेंट रिपोर्टिंग स्टैंडर्ड्स (IPRS) की रिपोर्ट के मुताबिक, संस्थान के पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम (PGP) छात्रों को अधिकतम 2.32 करोड़ रुपये की मैक्सिमम अर्निंग पोटेंशियल (MEP) दर्ज हुई है। इसमें सालाना कैश सैलरी, एक बार मिलने वाला कैश पेमेंट और कुल गारंटीड कैश कंपोनेंट शामिल हैं। छात्रों को 2,43,000 अमेरिकी डॉलर का इंटरनेशनल जॉब ऑफर मिला, जिसकी भारतीय मुद्रा में कीमत करीब 2.31 करोड़ रुपये है।

PGP छात्रों को मिला 2.32 करोड़ का जॉब ऑफर

आईपीआरएस की रिपोर्ट के अनुसार, प्लेसमेंट 2026 में IIM अहमदाबाद के 392 छात्रों ने हिस्सा लिया। इनमें से छह छात्रों ने इंटरनेशनल रोल स्वीकार किए। चार छात्रों का प्लेसमेंट दुबई में, जबकि एक-एक छात्र का प्लेसमेंट हांगकांग और जापान में हुआ। छह इंटरनेशनल ऑफर में से तीन ऑफर बड़े बिजनेस ग्रुप्स की ओर से दिए गए हैं।

अब तक का सबसे महंगा इंटरनेशनल जॉब ऑफर

IIM अहमदाबाद के प्लेसमेंट 2026 में मिला 2.31 करोड़ रुपये का इंटरनेशनल जॉब ऑफर संस्थान के लिए अब तक का सबसे बड़ा ऑफर है। आईपीआरएस सिस्टम की शुरुआत 2011 में होने के बाद से यह संस्थान द्वारा दर्ज किया गया सबसे अधिक इंटरनेशनल मैक्सिमम अर्निंग पोटेंशियल है। इससे पहले 2014 में 1,92,581 अमेरिकी डॉलर का अधिकतम अर्निंग पोटेंशियल दर्ज किया गया था।

दुबई की आईटी कंपनी ने दिया सबसे बड़ा ऑफर

रिपोर्ट के मुताबिक, IIM अहमदाबाद प्लेसमेंट 2026 में सबसे महंगा जॉब ऑफर दुबई स्थित आईटी सेक्टर की एक कंपनी ने दिया है। यह ऑफर बिजनेस डेवलपमेंट रोल के लिए है। इस साल इंटरनेशनल प्लेसमेंट ऑफर देने वाले सेक्टर्स में आईटी सेक्टर सबसे ज्यादा सैलरी देने वाला सेक्टर बनकर उभरा है।

भारत में 81.6 लाख रुपये तक पहुंचा पैकेज

IIM अहमदाबाद के प्लेसमेंट में इंटरनेशनल ऑफर के साथ भारत के अंदर भी छात्रों को कई जॉब ऑफर मिले। देश के भीतर सबसे अधिक मैक्सिमम अर्निंग पोटेंशियल 81.6 लाख रुपये तक पहुंची।

देश में सबसे ज्यादा सैलरी देने वाले सेक्टर के तौर पर बैंकिंग, फाइनेंसियल सर्विसेज और इंश्योरेंस (BFSI) सेक्टर लगातार दूसरे साल शीर्ष पर रहा। वहीं, सबसे ज्यादा जॉब ऑफर कंसल्टिंग सेक्टर से मिले।

कंसल्टिंग में सबसे ज्यादा जॉब ऑफर

आईपीआरएस रिपोर्ट के अनुसार, IIM अहमदाबाद प्लेसमेंट 2026 में कंसल्टिंग सेक्टर से कुल 155 जॉब ऑफर मिले। इसके बाद BFSI सेक्टर से 82 ऑफर मिले। आईटी और बिजनेस ग्रुप्स की ओर से 34-34 जॉब ऑफर दिए गए। वहीं, कंज्यूमर सर्विसेज सेक्टर से 15 जॉब ऑफर मिले।

Share This Article