साउदर्न रेलवे ने एक्ट अप्रेंटिस भर्ती 2026-27 का नोटिफिकेशन जारी किया, 28 अगस्त से शुरू आवेदन प्रक्रिया 27 सितंबर तक चलेगी, चयनित उम्मीदवारों को मिलेगा स्टाइपेंड
अगर आप 10वीं या आईटीआई पास हैं और रेलवे में अप्रेंटिसशिप करने का मौका तलाश रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। साउदर्न रेलवे ने अप्रेंटिस के 4,471 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती अप्रेंटिस एक्ट 1961 के तहत अलग-अलग ट्रेडों में एक्ट अप्रेंटिस रिक्रूटमेंट 2026-27 के लिए की जा रही है। भर्ती में फ्रेशर और एक्स-आईटीआई दोनों कैटेगरी के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 27 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
किन ट्रेडों में होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर, पेंटर, डीजल मैकेनिक, वायरमैन, ड्राफ्ट्समैन, सीओपीए, पासा, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, एमएलटी समेत कई ट्रेडों में अप्रेंटिस के पद भरे जाएंगे।
कितने पदों पर होगी भर्ती?
साउदर्न रेलवे की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, फ्रेशर कैटेगरी में 163 पद हैं, जबकि एक्स-आईटीआई कैटेगरी में 4,308 पद उपलब्ध हैं। इस तरह कुल 4,471 अप्रेंटिस पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
क्या है शैक्षणिक योग्यता?
फ्रेशर कैटेगरी के लिए उम्मीदवार का 10वीं या 12वीं पास होना जरूरी है। संबंधित ट्रेड के अनुसार न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक की शर्त लागू है। वहीं, एक्स-आईटीआई उम्मीदवारों के पास 10वीं पास होने के साथ संबंधित ट्रेड में एनसीवीटी या एससीवीटी से मान्यता प्राप्त आईटीआई प्रमाणपत्र होना चाहिए। एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों को 10वीं में 50 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता से छूट दी गई है।
कितनी होनी चाहिए उम्र?
नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख के अनुसार उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 15 वर्ष होनी चाहिए। फ्रेशर और एक्स-आईटीआई उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 22 वर्ष है। वहीं, एमएलटी ट्रेड के लिए अधिकतम उम्र 24 वर्ष निर्धारित की गई है।
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट मिलेगी। ओबीसी-एनसीएल उम्मीदवारों को 3 वर्ष, एससी और एसटी उम्मीदवारों को 5 वर्ष, जबकि बेंचमार्क दिव्यांगता वाले उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट दी जाएगी।
कितना मिलेगा स्टाइपेंड?
अप्रेंटिसशिप के दौरान चयनित उम्मीदवारों को हर महीने स्टाइपेंड दिया जाएगा। 10वीं पास फ्रेशर उम्मीदवारों को 8,200 रुपये प्रति माह, जबकि 12वीं पास फ्रेशर और एक्स-आईटीआई उम्मीदवारों को 9,600 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड मिलेगा। प्रशिक्षण के दूसरे और तीसरे वर्ष में स्टाइपेंड की राशि बढ़ाने का भी प्रावधान है।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। फ्रेशर उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होगी। वहीं, एक्स-आईटीआई उम्मीदवारों की मेरिट तैयार करते समय 10वीं और आईटीआई के अंकों को समान वेटेज दिया जाएगा। इस भर्ती में उम्मीदवारों के लिए किसी तरह की लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी।
स्थायी नौकरी की नहीं है गारंटी
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह भर्ती केवल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग के लिए है। अप्रेंटिस के रूप में चयन होने का मतलब रेलवे में स्थायी नौकरी मिलने की गारंटी नहीं है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार साउदर्न रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नोटिफिकेशन पढ़ने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

