MP Police SI Recruitment 2026: मध्य प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर और सूबेदार बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने सूबेदार और सब-इंस्पेक्टर भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के जरिए राज्य में कुल 504 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। योग्य उम्मीदवार 9 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तारीख 23 सितंबर 2026 है। वहीं, आवेदन फॉर्म में सुधार की सुविधा 28 सितंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। भर्ती परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
504 पदों पर होगी भर्ती
MPESB की इस भर्ती के तहत सूबेदार और सब-इंस्पेक्टर के कुल 504 पद भरे जाएंगे। इनमें सूबेदार के साथ विशेष सशस्त्र बल (SAF) और जिला पुलिस बल (DEF) में सब-इंस्पेक्टर के पद शामिल हैं। इसके अलावा तकनीकी श्रेणी में भी सब-इंस्पेक्टर के अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
पद का नाम और कुल वैकेंसी
- सूबेदार — 81 पद
- सब-इंस्पेक्टर (विशेष सशस्त्र बल – SAF) — 69 पद
- सब-इंस्पेक्टर (जिला पुलिस बल – DEF) — 312 पद
- सब-इंस्पेक्टर (आर्म्स) – तकनीकी — 10 पद
- सब-इंस्पेक्टर (फोटो) – तकनीकी — 9 पद
- सब-इंस्पेक्टर (क्यूडी) – तकनीकी — 4 पद
- सब-इंस्पेक्टर (फिंगर प्रिंट) – तकनीकी — 22 पद
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का भारतीय नागरिक होना जरूरी है। मध्य प्रदेश के बाहर के उम्मीदवार केवल अनारक्षित (UR) ओपन कैटेगरी में आवेदन कर सकते हैं। आरक्षण और आयु सीमा में छूट का लाभ केवल मध्य प्रदेश के स्थायी निवासी उम्मीदवारों को मिलेगा।
शैक्षणिक योग्यता
सूबेदार, सब-इंस्पेक्टर (SAF) और सब-इंस्पेक्टर (DEF) पदों के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। वहीं, सब-इंस्पेक्टर (आर्म्स) पद के लिए मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 3 वर्षीय डिप्लोमा जरूरी है।
फोटो, क्यूडी और फिंगर प्रिंट तकनीकी पदों के लिए उम्मीदवार के पास भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित विषयों के साथ स्नातक की डिग्री होनी चाहिए।
कितनी है आयु सीमा?
उम्मीदवार की आयु की गणना 23 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। नोटिफिकेशन में अलग-अलग श्रेणियों और उम्मीदवारों की स्थिति के अनुसार अधिकतम आयु सीमा निर्धारित की गई है। संबंधित श्रेणियों में ऊपरी आयु सीमा 33 से 43 वर्ष तक है। अन्य राज्यों के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट का लाभ नहीं मिलेगा।
MP Police SI भर्ती के लिए शारीरिक मानक
लिखित परीक्षा के अलावा उम्मीदवारों को निर्धारित शारीरिक मानकों को भी पूरा करना होगा। पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई अलग-अलग निर्धारित की गई है।
पुरुष उम्मीदवार: न्यूनतम लंबाई 167.5 सेमी।
पुरुष उम्मीदवारों की छाती बिना फुलाए कम से कम 81 सेमी और फुलाने पर 86 सेमी होनी चाहिए। यानी छाती में कम से कम 5 सेमी का विस्तार होना जरूरी है।
महिला उम्मीदवार: न्यूनतम लंबाई 152.4 सेमी।
क्या है चयन प्रक्रिया?
मध्य प्रदेश पुलिस एसआई भर्ती 2026 में उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और इंटरव्यू सहित निर्धारित चरणों के आधार पर किया जाएगा। हर चरण में सफल होने वाले उम्मीदवार ही आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे।
MP Police SI Recruitment 2026: महत्वपूर्ण तारीखें
- ऑनलाइन आवेदन शुरू — 9 सितंबर 2026
- आवेदन की अंतिम तारीख — 23 सितंबर 2026
- आवेदन फॉर्म में सुधार की अंतिम तारीख — 28 सितंबर 2026
- भर्ती परीक्षा — 28 अक्टूबर 2026

