आईआईटी बीएचयू के छात्रों को जापान में इंटर्नशिप और नौकरी के अवसर, टैलेंडी के साथ हुआ एमओयू

Thecity news
3 Min Read

अंतरराष्ट्रीय कंपनी के साथ साझेदारी से विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और हैकाथॉन के साथ उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़ने का मौका मिलेगा

वाराणसी स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बीएचयू ने अपने विद्यार्थियों के लिए जापान और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में इंटर्नशिप एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। संस्थान ने अंतरराष्ट्रीय कंपनी टैलेंडी होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ बुधवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने इस सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि टैलेंडी के साथ साझेदारी जापानी उद्योगों के साथ संस्थान के जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। इससे विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंटर्नशिप, रोजगार और उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़ने के अवसर मिलेंगे।

इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और हैकाथॉन में होगा सहयोग

एमओयू के तहत आईआईटी बीएचयू और टैलेंडी के बीच इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और हैकाथॉन के क्षेत्र में सहयोग किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों और जापानी उद्योगों के साथ जुड़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

टैलेंडी की ओर से आईआईटी बीएचयू और उसके विद्यार्थियों को ‘टैलेंडी पोर्टल’ नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस पोर्टल के जरिए विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर एक ही मंच पर मिल सकेंगे।

आवेदन से प्री-प्लेसमेंट ऑफर तक प्रक्रिया होगी व्यवस्थित

‘टैलेंडी पोर्टल’ के माध्यम से विद्यार्थियों की भर्ती प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी। इसमें आवेदन से लेकर इंटर्नशिप और संभावित प्री-प्लेसमेंट ऑफर तक की प्रक्रिया को एक ही मंच पर संचालित किया जा सकेगा।

टैलेंडी और आईआईटी बीएचयू के अधिकारी रहे मौजूद

समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के दौरान टैलेंडी की ओर से संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नाओताका निशियामा, निदेशक पब्लिक अफेयर्स एई मिनामिजाकी और मैनेजर कस्टमर सक्सेस केंजी अराई मौजूद रहे।

आईआईटी बीएचयू की ओर से डीन आर एंड डी प्रो. राजेश कुमार, प्रोफेसर इंचार्ज आउटरीच एवं इंडस्ट्री रिलेशंस और समन्वयक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल प्रो. सुशांत कुमार श्रीवास्तव, प्रो. केपी सरावडेकर, डॉ. प्रदीप पाइक और उप कुलसचिव डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।

Share This Article