शेयर बाजार में तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत, सेंसेक्स 155 अंक चढ़ा; बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी

Thecity news
3 Min Read

निफ्टी 24 हजार के करीब पहुंचा, अदाणी पोर्ट्स समेत बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में तेजी; एशियाई बाजारों में भी बढ़त

भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गुरुवार को हरे निशान में हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 154।60 अंक यानी 0।20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,724।95 और निफ्टी 83।50 अंक यानी 0।36 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,997।95 पर कारोबार कर रहा था। बाजार में तेजी का नेतृत्व बैंकिंग और वित्तीय शेयर कर रहे थे।

बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में तेजी

शुरुआती कारोबार में निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज टॉप गेनर्स में रहे। इसके अलावा निफ्टी मीडिया, निफ्टी मेटल, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी एनर्जी और निफ्टी कमोडिटीज में भी तेजी के साथ कारोबार हो रहा था।

वहीं, निफ्टी आईटी, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी कंजप्शन लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

मिडकैप और स्मॉलकैप में भी बढ़त

लार्जकैप शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 166 अंक यानी 0।26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 63,165 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 168 अंक यानी 0।85 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,981 पर था।

लगातार दूसरे दिन अदाणी पोर्ट्स टॉप गेनर

सेंसेक्स पैक में अदाणी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी, पावर ग्रिड, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, इटरनल, बीईएल, कोटक महिंद्रा बैंक और ट्रेंट बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

दूसरी ओर टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इंडिगो, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, टीसीएस, टाइटन, आईटीसी, एचयूएल और एशियन पेंट्स में गिरावट दर्ज की गई।

ज्यादातर एशियाई बाजार भी हरे निशान में

अधिकांश एशियाई शेयर बाजारों में भी गुरुवार को तेजी के साथ कारोबार हुआ। टोक्यो, शंघाई, बैंकॉक, जकार्ता और सोल के बाजार हरे निशान में रहे, जबकि हांगकांग में गिरावट देखी गई।

अमेरिकी शेयर बाजार भी बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। डाउ जोन्स में 0।56 प्रतिशत और नैस्डैक में 0।45 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

बॉन्ड यील्ड में गिरावट से बाजार को मिला सहारा

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका में बॉन्ड यील्ड में गिरावट से भारत समेत वैश्विक शेयर बाजारों के लिए सकारात्मक माहौल बना है। एफसीएनआर (बी) जमा में रिकॉर्ड 136 अरब डॉलर का निवेश आने से डॉलर के मुकाबले रुपये को भी समर्थन मिलने और विदेशी निवेशकों का भारत में भरोसा बढ़ने की उम्मीद है।

बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ओर से करीब 9,500 करोड़ रुपये की खरीदारी भी बाजार में विदेशी निवेशकों के सकारात्मक रुख का संकेत देती है।

Share This Article