भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 707 अरब डॉलर के पार, चार महीने बाद फिर बनाया नया रिकॉर्ड

Thecity news
3 Min Read

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 7 अगस्त को समाप्त हुए सप्ताह में 14.136 अरब डॉलर बढ़कर 707.002 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों में इसकी जानकारी दी गई।

मध्य पूर्व में तनाव के चलते आई गिरावट के बाद यह चार महीनों में पहला मौका है, जब देश का विदेशी मुद्रा भंडार 700 अरब डॉलर के पार पहुंचा है। इससे पहले 17 अप्रैल 2026 को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 703.308 अरब डॉलर दर्ज किया गया था।

एफसीए की वैल्यू में कितनी बढ़ोतरी हुई

आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, 7 अगस्त को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक फॉरेन करेंसी एसेट्स (एफसीए) की वैल्यू 9.946 अरब डॉलर बढ़कर 574.625 अरब डॉलर हो गई।

एफसीए में अमेरिकी डॉलर के अलावा जापानी येन, यूरो और पाउंड जैसी प्रमुख वैश्विक मुद्राएं शामिल होती हैं। इनकी वैल्यू डॉलर में प्रदर्शित की जाती है।

वहीं, विदेशी मुद्रा भंडार के दूसरे सबसे बड़े घटक गोल्ड रिजर्व की वैल्यू 3.995 अरब डॉलर घटकर 108.738 अरब डॉलर रह गई।

विदेशी मुद्रा भंडार कितना अहम?

आरबीआई के मुताबिक, 7 अगस्त को समाप्त सप्ताह में स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (एसडीआर) की वैल्यू 79 मिलियन डॉलर बढ़कर 18.745 अरब डॉलर हो गई। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की रिजर्व पोजिशन 116 मिलियन डॉलर बढ़कर 4.894 अरब डॉलर हो गई।

किसी भी देश के लिए विदेशी मुद्रा भंडार बेहद महत्वपूर्ण होता है। यह देश की बाहरी आर्थिक स्थिति को मजबूत रखने में मदद करता है और मुद्रा की विनिमय दर को स्थिर बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है।

मजबूत स्थिति में देश की अर्थव्यवस्था

अगर किसी स्थिति में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये पर ज्यादा दबाव आता है और उसकी कीमत गिरने लगती है, तो केंद्रीय बैंक विदेशी मुद्रा भंडार का इस्तेमाल कर बाजार में डॉलर की आपूर्ति बढ़ा सकता है। इससे रुपये को अत्यधिक गिरावट से बचाने और विनिमय दर को स्थिर रखने में मदद मिलती है।

बढ़ता हुआ विदेशी मुद्रा भंडार यह भी संकेत देता है कि देश में विदेशी मुद्रा की पर्याप्त आवक बनी हुई है। इससे भारत की बाहरी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए भी बेहतर माहौल तैयार होता है।

Share This Article