भारत की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने हाल ही में रद्द और प्रभावित हुई उड़ानों को लेकर यात्रियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से जारी भारी व्यवधान के बाद बेहद ज़्यादा प्रभावित यात्रियों को 10,000 रुपये का ट्रैवल वाउचर दिया जाएगा। यह वाउचर किसी भी भविष्य की इंडिगो यात्रा के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा और 12 महीनों तक मान्य रहेगा।
रद्द हुई उड़ानों के लिए अतिरिक्त मुआवजा
इंडिगो ने बताया कि जिन यात्रियों की उड़ानें डिपार्चर से 24 घंटे पहले कैंसिल हुई थीं, उन्हें भी फ्लाइट के ब्लॉक टाइम के आधार पर 5,000 रुपये से 10,000 रुपये तक का मुआवजा दिया जाएगा। कंपनी का कहना है कि यह कदम यात्रियों की असुविधा को कम करने और उनके भरोसे को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
किन यात्रियों को मिलेगा 10,000 रुपये का वाउचर?
3, 4 और 5 दिसंबर को यात्रा करने वाले कई यात्री लंबे समय तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे थे। भीड़भाड़ और रुकावटों के चलते इन्हें “बहुत ज्यादा प्रभावित” श्रेणी में रखा गया है। इन्हीं यात्रियों को 10,000 रुपये का ट्रैवल वाउचर दिया जाएगा, जिसे पूरे वर्ष किसी भी इंडिगो उड़ान के लिए उपयोग किया जा सकता है।
सोशल मीडिया पर इंडिगो का बयान
कंपनी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर इस राहत पैकेज की जानकारी साझा की है, जिसमें यात्रियों से धैर्य रखने और सहयोग के लिए धन्यवाद भी कहा गया है।

