सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। चयनित अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के तहत वेतन और भत्ते मिलेंगे।
दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अवसर आया है। विश्वविद्यालय ने नॉन-टीचिंग स्टाफ कैडर में असिस्टेंट के 215 पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है।
इस भर्ती के तहत विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और प्रशासनिक शाखाओं में योग्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाएगी। ग्रेजुएशन कर चुके वे उम्मीदवार, जो प्रशासनिक क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, आवेदन कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
असिस्टेंट पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए।
इसके अलावा, किसी विश्वविद्यालय, सरकारी विभाग, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू), स्वायत्त निकाय या कम से कम 200 करोड़ रुपये के वार्षिक टर्नओवर वाली निजी कंपनी में जूनियर असिस्टेंट या समकक्ष पद पर कम से कम दो साल का कार्य अनुभव अनिवार्य है।
टाइपिंग और कंप्यूटर दक्षता
उम्मीदवार को कंप्यूटर का व्यावहारिक ज्ञान होना चाहिए। साथ ही अंग्रेजी में 35 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड जरूरी है।
आयु सीमा
आवेदन करने वाले उम्मीदवार की अधिकतम आयु 32 वर्ष होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
तीन चरणों में होगा चयन
असिस्टेंट पदों पर उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों की प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा।
- प्रारंभिक परीक्षा: यह 200 अंकों की वस्तुनिष्ठ यानी बहुविकल्पीय प्रश्नों (एमसीक्यू) पर आधारित परीक्षा होगी। इसका उद्देश्य मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करना है।
- मुख्य परीक्षा: यह 200 अंकों की वर्णनात्मक परीक्षा होगी। इसके अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
- कौशल और टाइपिंग टेस्ट: यह 100 अंकों की अर्हता परीक्षा होगी। इसमें उम्मीदवारों को कम से कम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के पे लेवल-4 के अनुसार वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा नियमानुसार अन्य भत्ते भी मिलेंगे।
19 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट du.ac.in पर जाएं।
- वेबसाइट पर ‘वर्क विद डीयू’ सेक्शन खोलें।
- असिस्टेंट भर्ती से संबंधित नोटिफिकेशन देखें।
- ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें।
- जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
- आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद फॉर्म जमा कर दें।
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध भर्ती नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ने की सलाह दी जाती है। पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी नोटिफिकेशन में देखी जा सकती है।

