झारखंड सरकार ने JSSC-CGL परीक्षा रद्द की, प्रदर्शनकारी छात्रों की बड़ी मांग मानी

Thecity news
4 Min Read

TDPL की ओर से कराई गई सभी परीक्षाएं रद्द होंगी, सरकार ने रिफॉर्म कमेटी बनाने का भी किया ऐलान; छात्र अभी भी CBI जांच की मांग पर अड़े

झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार आखिरकार प्रदर्शनकारी छात्रों के सामने झुक गई है। सरकार ने टीडीपीएल की ओर से कराई गईं सभी परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया है। टीडीपीएल की ओर से जेएसएससी-सीजीएल की परीक्षा भी कराई गई थी, जिसे सरकार ने रद्द करने का फैसला लिया है। हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्र अभी भी सीबीआई जांच की मांग पर अड़े हैं। वहीं, सोनम वांगचुक से बात करने के बाद छात्र नेता देवेंद्र महतो ने भी अनशन तोड़ने का ऐलान कर दिया।

जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों को लेकर पिछले 24 दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों के मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में कैबिनेट के मंत्रियों के साथ आपात बैठक की।

इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया के सामने ऐलान किया कि सरकार ने जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्र हितों को लेकर कड़ा कानून बनाएगी। कड़े निर्णय के साथ हम आज आगे बढ़ते हैं। रिफॉर्म को लेकर आईएएस अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में रिफॉर्म कमेटी भी बनाई जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा एमएमडीआर एक्ट में किए गए संशोधनों पर चर्चा करने के लिए जल्द एक बैठक की जाएगी। अगर जरूरत पड़ी तो इस खास मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिए विशेष सत्र भी बुलाया जा सकता है।

सरकार रिफॉर्म में पारदर्शिता के साथ काम करेगी

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार रिफॉर्म में पारदर्शिता के साथ काम करेगी। परीक्षा कैसे होनी चाहिए, इसका पहले से ही एसओपी बना हुआ है। अगर एसओपी का पालन होता तो ये गड़बड़ियां नहीं होतीं। रिफॉर्म में कुछ और बेहतर चीजें जोड़ी जाएंगी। रिफॉर्म के लिए आईएएस अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया है।

CBI जांच की मांग तक आंदोलन रहेगा जारी

झारखंड में जारी प्रदर्शन के बीच सरकार की तरफ से प्रदर्शनकारी छात्रों की परीक्षा रद्द करने की मांग मानने के बाद छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि अभी सीबीआई जांच की मांग नहीं मानी गई है। जब तक सीबीआई जांच की मांग नहीं मानी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि छात्र एक बड़ी लड़ाई जीत चुके हैं, लेकिन अभी कुछ और मांगें बाकी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि 24 दिन बाद सरकार ने छात्रों की मांग सुनी, लेकिन जब तक सीबीआई जांच नहीं होगी, तब तक वे अनशन करते रहेंगे।

सरकार छात्रों से लगातार कर रही बात

झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार ने उनकी सीजीएल परीक्षा रद्द करने की मुख्य मांग को मानने का फैसला किया है और इस पर सहमति बन गई है। इसके अलावा, टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाएं भी रद्द कर दी जाएंगी। सरकार छात्रों से लगातार बातचीत कर रही है।

देवेंद्र महतो ने अनशन तोड़ने का किया ऐलान

छात्र नेता देवेंद्र महतो ने कहा कि उन्होंने सोनम वांगचुक से बात की है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक से प्रेरणा और मार्गदर्शन पाकर ही छात्रों ने यह लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि भूख हड़ताल के 16वें और आंदोलन के 23वें दिन सरकार ने उनकी मांगें मान ली हैं।

इस दौरान महतो ने सोनम वांगचुक की अपील के बाद अनशन तोड़ने का ऐलान किया। वहीं, सोनम वांगचुक ने भी हेमंत सोरेन सरकार को धन्यवाद दिया।

Share This Article