जूनियर एनटीआर ने एआई मॉर्फ्ड वीडियो पर जताया गुस्सा, बोले- बनाने और फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

Thecity news
3 Min Read

‘देवरा: पार्ट 1’ के ‘चुट्टामल्ले’ गाने के विजुअल्स से छेड़छाड़ कर बनाए गए वीडियो पर अभिनेता ने सख्त रुख अपनाते हुए लोगों से इसे शेयर न करने की अपील की।

मुंबई, 3 अक्टूबर। तेलुगु सुपरस्टार जूनियर एनटीआर ने अपनी फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ के गाने ‘चुट्टामल्ले’ से जुड़े एक एआई-मॉर्फ्ड वीडियो के वायरल होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। वीडियो में उनके और जाह्नवी कपूर के मूल विजुअल्स के साथ डिजिटल तरीके से छेड़छाड़ की गई है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस तरह के एआई के दुरुपयोग की आलोचना की और वीडियो बनाने तथा फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

जूनियर एनटीआर ने दी कड़ी चेतावनी

जूनियर एनटीआर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए मॉर्फ्ड वीडियो को ‘घिनौना, बीमार मानसिकता वाला और शर्मनाक’ बताया। उन्होंने कहा कि एआई का इस्तेमाल किसी महिला को अपमानित करने के लिए करना बेहद शर्मनाक है। अभिनेता ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि वह इसे नजरअंदाज नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि वीडियो बनाने वालों के साथ-साथ इसे फैलाने वालों के खिलाफ भी हर संभव कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जूनियर एनटीआर ने राज्य सरकारों और केंद्र सरकार से भी एआई के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए सख्त कदम और नियम बनाने की अपील की।

फैंस से वीडियो शेयर न करने की अपील

अभिनेता ने लोगों से अपील की कि वे ऐसे कंटेंट को न देखें, न शेयर करें और न ही उस पर किसी तरह की प्रतिक्रिया दें। उनका कहना है कि इस तरह के कंटेंट को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने से इसके प्रसार को बढ़ावा मिलता है।

जूनियर एनटीआर की प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब एआई की मदद से बनाए गए फर्जी और मॉर्फ्ड वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चिंता बढ़ रही है। ‘चुट्टामल्ले’ से जुड़े इस वीडियो की शुरुआत और इसे बनाने वाले लोगों की पहचान को लेकर भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

2024 में रिलीज हुआ था ‘चुट्टामल्ले’

‘चुट्टामल्ले’ गाना 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ का हिस्सा है। फिल्म में जूनियर एनटीआर और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे, जबकि फिल्म का निर्देशन कोराटाला शिवा ने किया था। यह गाना फिल्म की रिलीज के बाद काफी लोकप्रिय हुआ था।

Share This Article