‘रामायण’ की टीम पर भड़के ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के निर्माता, बोले- फिल्म को नहीं मिला मौका

Thecity news
3 Min Read

प्रकाश महोबिया ने आरोप लगाया कि उनकी फिल्म के खिलाफ सोशल मीडिया पर नकारात्मक प्रचार किया गया, लेकिन उन्होंने इसके पीछे किसी खास व्यक्ति या टीम का नाम नहीं लिया।

मुंबई, 6 अक्टूबर। रणबीर कपूर स्टारर नितेश तिवारी की ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। इसी बीच अंजलि अरोड़ा की फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के निर्माता प्रकाश महोबिया ने अपनी फिल्म को लेकर कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि फिल्म के खिलाफ लगातार नकारात्मक मार्केटिंग की गई, जिसकी वजह से इसे सिनेमाघरों में दर्शकों तक पहुंचने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। निर्माता के मुताबिक, जिन लोगों ने फिल्म देखी, उन्होंने इसकी सराहना की है।

‘फिल्म देखे बिना राय बनाना ठीक नहीं’

प्रकाश महोबिया ने एक बातचीत में दावा किया कि यूट्यूबर्स, इन्फ्लुएंसर्स और अन्य लोगों के जरिए फिल्म के खिलाफ नकारात्मक प्रचार कराया गया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर कथित तौर पर गलत जानकारी साझा की गई और लोगों से इसे नहीं देखने की अपील भी की गई।

निर्माता ने कहा कि उनकी फिल्म को दर्शकों तक पहुंचने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। उनके मुताबिक, बिना फिल्म देखे उसके बारे में राय बनाना उचित नहीं है। हालांकि, उन्होंने कथित नकारात्मक अभियान के पीछे किसी व्यक्ति या टीम का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया।

‘रामायण’ की टीम पर क्या बोले निर्माता?

जब प्रकाश महोबिया से पूछा गया कि क्या वह नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ की टीम को इस कथित अभियान के पीछे मानते हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी निश्चित जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि उन्हें ऐसा बताया गया है।

अभिषेक सिंह के निर्देशन में बनी ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ में अंजलि अरोड़ा, देव शर्मा और रजनीश दुग्गल प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

दोबारा रिलीज करने की तैयारी

प्रकाश महोबिया ने बताया कि वह ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। उनका कहना है कि फिल्म को दर्शकों के बीच अपनी बात रखने का एक और मौका मिलना चाहिए।

Share This Article