बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में जंतर-मंतर पर हुए नीट पेपर लीक को लेकर छात्र आंदोलन के बाद से ही कंगना बॉलीवुड से जुड़े लोगों पर भी निशाना साधती नजर आ रही हैं।
हाल ही में अभिनेता और गायक पीयूष मिश्रा झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे थे। यहां उन्होंने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह को लेकर एक बड़ा बयान दिया था। पीयूष मिश्रा ने झारखंड के छात्रों के समर्थन में आवाज नहीं उठाने को लेकर नसीरुद्दीन शाह पर तंज कसा था।
पीयूष मिश्रा ने कहा था, “नसीर साहब, आपने सीएए-एनआरसी प्रोटेस्ट के दौरान कहा था कि जिन कुत्तों के मुंह में हड्डी है, वे बोल नहीं सकते। माफ कीजिएगा, मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि इस वक्त वो कौन कुत्ते हैं, जिनके मुंह में हड्डी है और जो इस जेपीएससी पेपर लीक के छात्र प्रोटेस्ट पर चुप हैं?”
कंगना ने भी साधा निशाना
पीयूष मिश्रा के इस बयान पर कंगना रनौत ने भी नसीरुद्दीन शाह को निशाने पर लिया है। पीयूष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने अपनी आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि सच तो यह है कि हर कोई किसी न किसी का कुत्ता है, लेकिन उन्हें इस बात पर गर्व है कि वह जिस घर यानी देश की रोटी खाती हैं, उसकी रखवाली करती हैं और उसके लिए लड़ती हैं।
कंगना ने आगे नसीरुद्दीन शाह पर निशाना साधते हुए लिखा कि नसीर साहब खाते तो इस देश का हैं, लेकिन लड़ते पड़ोसी देश के लिए हैं।
उन्होंने यह भी लिखा कि आज के समय में इंसानों की तुलना कुत्तों से करना भी गर्व की बात है, क्योंकि कुत्ते कम से कम वफादार और क्यूट तो होते हैं। कंगना ने कहा कि नसीरुद्दीन शाह की तरह लोमड़ी बनने से अच्छा है कुत्ता बनना।
जेन जी को लेकर भी दिया था कड़ा बयान
इससे पहले कंगना रनौत ने जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के बाद तीखे शब्दों में प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां को गाली देने वाले जेन जी के एक वर्ग को ‘गटर जनरेशन’ तक कह दिया था।
हालांकि, बाद में कंगना ने जेन जी को देश का भविष्य बताते हुए अपने बयान पर डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश भी की थी।

