प्रकाश राज का दावा- SIR के बाद बेंगलुरु से डिलीट हुआ वोटिंग राइट, बोले- खेल अभी जारी है

Thecity news
3 Min Read

जाने-माने अभिनेता प्रकाश राज ने दावा किया है कि बेंगलुरु निर्वाचन क्षेत्र से उनका वोटिंग राइट डिलीट कर दिया गया है। अभिनेता के मुताबिक, SIR प्रक्रिया के बाद उनका नाम मतदाता सूची से हटाया गया है। प्रकाश राज ने कहा कि उनका जन्म बेंगलुरु में हुआ और उन्होंने इसी शहर में पढ़ाई करने के साथ थिएटर भी किया है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि यह एक अच्छा जोक है और इसे जारी रखना चाहिए।

प्रकाश राज ने एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए मतदाता सूची से अपना नाम हटाए जाने की प्रक्रिया को सबसे बड़ा जोक बताया। उन्होंने कहा कि अब वह देखेंगे कि अपना वोटर आईडी वापस पाने के लिए उन्हें कौन-कौन से दस्तावेज दिखाने पड़ेंगे।

अभिनेता ने चुनौती देते हुए कहा कि खेल जारी है। उनके मुताबिक, लोग अपनी सत्ता दिखाने के लिए उनके वोट करने के अधिकार को छीन सकते हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या वे उन्हें सत्ता से हटाने की कोशिश को रोक पाएंगे।

प्रकाश राज ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि भले ही कुछ नागरिकों के वोट देने का अधिकार छीना जा सकता है, जो शायद उन्हें दोबारा सत्ता में न चुनें, लेकिन क्या वे नागरिकों को उन्हें सत्ता से नीचे उतारने की कोशिश करने से रोक पाएंगे।

प्रकाश राज पर वोटर आईडी को लेकर लगा था आरोप

इससे पहले जून में बेंगलुरु की एक अदालत ने प्रकाश राज के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। उन पर आरोप लगाया गया था कि उनके पास कई राज्यों के मतदाता पहचान पत्र हैं।

वर्ष 2019 में वकील दिलीप कुमार ने अभिनेता के खिलाफ हलासुरु गेट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में दावा किया गया था कि प्रकाश राज के पास चार राज्यों के मतदाता पहचान पत्र हैं और उन्होंने चुनाव संबंधी नियमों का उल्लंघन किया है।

शिकायतकर्ता का कहना था कि उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर और चुनाव आयोग से भी संपर्क किया। वहां से जवाब नहीं मिलने पर वह अदालत पहुंचे।

अदालत ने प्रकाश राज को पेश होने के लिए दो बार समन जारी किए थे। उनके अदालत में पेश नहीं होने के बाद कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

फिल्मों के साथ बेबाक बयानों के लिए भी चर्चा में रहते हैं

वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रकाश राज फिल्म ‘दृश्यम 3’ में नजर आएंगे। फिल्मों के अलावा अभिनेता अपने बेबाक बयानों के लिए भी अक्सर चर्चा में रहते हैं। वह सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते हैं।

पिछले दिनों दिल्ली में हुए छात्र प्रदर्शन में भी प्रकाश राज शामिल हुए थे।

Share This Article