तेलंगाना में एक बार फिर भूमि आवंटन को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर अपने पद का गलत इस्तेमाल करने और परिवार को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है। बीआरएस ने प्रस्तावित ‘फोर्थ सिटी’ में ‘टेसेरैक्ट एडवांस्ड सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड’ को सरकारी जमीन आवंटित किए जाने के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
‘टेसेरैक्ट एडवांस्ड सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड’ के चेयरमैन मुख्यमंत्री के भाई अनुमुला कोंडल रेड्डी हैं। इसी को आधार बनाते हुए बीआरएस ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की है। पार्टी ने सरकार से जमीन आवंटन को तुरंत रद्द करने और फोर्थ सिटी परियोजना के तहत आवंटित की गई सभी जमीनों का विवरण सार्वजनिक करने की अपील की है।
कंपनी की योग्यता पर उठाए सवाल
तेलंगाना भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान बीआरएस प्रवक्ता मन्ने क्रिशांक ने जमीन आवंटन को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के भाई की कंपनी को सरकारी जमीन दिया जाना हितों के टकराव और पारदर्शिता की कमी को दर्शाता है।
मन्ने क्रिशांक ने कंपनी की योग्यता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि कॉर्पोरेट रिकॉर्ड के मुताबिक कंपनी की चुकता पूंजी महज 1 लाख रुपये है। इसके अलावा कंपनी की नवीनतम वार्षिक फाइलिंग में कर्मचारियों की संख्या शून्य दर्ज है।
बीआरएस प्रवक्ता ने सवाल किया कि एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र में काम करने का दावा करने वाली ऐसी कंपनी को इतनी कीमती सरकारी जमीन किस आधार पर आवंटित की गई।
उन्होंने यह भी दावा किया कि पाटनचेरु के किश्तारेड्डीपेट में कंपनी का पंजीकृत पता एक आवासीय संपत्ति है। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय अधिकारियों और उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) से जरूरी औद्योगिक लाइसेंस और मंजूरियों को लेकर भी सवाल उठाए।
करोड़ों की जमीन कौड़ियों के भाव देने का आरोप
बीआरएस ने तेलंगाना स्टेट इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन (टीजीआईआईसी) के दस्तावेजों का हवाला देते हुए दावा किया कि राविरियाल में करीब 20,234 वर्ग मीटर जमीन कंपनी को 3,707 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से आवंटित की गई है।
पार्टी ने आरोप लगाया कि बाजार दर के हिसाब से इस जमीन की कीमत कई सौ करोड़ रुपये है। बीआरएस ने जमीन आवंटन की प्रक्रिया और कीमत को लेकर सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है।
स्वतंत्र जांच और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग
बीआरएस नेता मन्ने क्रिशांक ने कहा कि जब तक रेवंत रेड्डी मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे, तब तक इस मामले की निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। उन्होंने मामले की स्वतंत्र जांच कराने और मुख्यमंत्री से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
बीआरएस ने सरकार से फोर्थ सिटी परियोजना के तहत अब तक किए गए सभी भूमि आवंटनों का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की भी मांग की है। पार्टी का कहना है कि इससे आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सकेगी।

