महाराष्ट्र के लाखों किसानों को बड़ी राहत, अब हर महीने मिलेगा 5 किलो मुफ्त अनाज

Thecity news
3 Min Read

सूखे की गंभीर स्थिति को देखते हुए फडणवीस कैबिनेट ने 33 जिलों के 42 लाख से अधिक किसान परिवारों के लिए प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

महाराष्ट्र में सूखे की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने लाखों किसान परिवारों को राहत देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में 33 जिलों के उन किसानों को मुफ्त अनाज देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई, जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के दायरे में नहीं आते हैं। इस फैसले से राज्य के 42,30,783 किसानों को फायदा होगा। मुंबई शहर, मुंबई उपनगर और ठाणे जिले को इस योजना से बाहर रखा गया है।

हर महीने प्रति व्यक्ति मिलेगा 5 किलो अनाज

महाराष्ट्र में फिलहाल 5,79,34,702 लाभार्थी राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मुफ्त अनाज प्राप्त कर रहे हैं। इसके अलावा, अधिक किसान आत्महत्या वाले 14 जिलों के 21,60,682 किसानों को हर महीने 170 रुपये की नकद सहायता दी जा रही है।

इन दोनों योजनाओं के दायरे से बाहर रहने वाले किसान परिवारों को राहत देने के लिए कैबिनेट ने प्रति व्यक्ति हर महीने 5 किलो मुफ्त अनाज देने का निर्णय लिया है।

तीन महीने तक मिलेगा गेहूं और चावल

इस योजना के तहत अगले तीन महीनों तक हर महीने प्रति व्यक्ति 3 किलो चावल और 2 किलो गेहूं दिया जाएगा। इसके बाद राज्य सरकार सूखे की स्थिति की समीक्षा करेगी और तय करेगी कि योजना को आगे जारी रखा जाए या नहीं।

जिन राशन कार्डधारकों की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी है, उन्हें ई-पीओएस मशीन के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद अनाज मिलेगा। जिन लाभार्थियों की आधार सीडिंग अभी पूरी नहीं हुई है, उन्हें प्रक्रिया पूरी होने के बाद बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से अनाज उपलब्ध कराया जाएगा।

केंद्र से अतिरिक्त अनाज मांगेगी सरकार

महाराष्ट्र कैबिनेट ने इस योजना के लिए जरूरी अतिरिक्त अनाज आवंटित करने को लेकर केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय से अनुरोध करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।

इसके अलावा, फडणवीस कैबिनेट ने महाराष्ट्र लोक सेवा अधिकार अधिनियम, 2015 में महत्वपूर्ण संशोधनों को भी मंजूरी दी है। इनका उद्देश्य नागरिकों को सार्वजनिक सेवाएं अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तय समयसीमा के भीतर उपलब्ध कराना है।

इससे पहले सूखाग्रस्त किसानों की मदद के लिए सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 करोड़ रुपये का योगदान दिया था।

Share This Article