तिरुपति बालाजी को भक्त ने चढ़ाए 121 किलो सोने के आभूषण, कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान!

Thecity news
2 Min Read

45 आभूषणों का यह खास दान मंदिर के इतिहास में किसी एक श्रद्धालु की ओर से दिया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत चढ़ावा बताया जा रहा है।

आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर में एक अज्ञात भक्त ने भगवान श्री वेंकटेश्वर को 121 किलोग्राम सोने के आभूषण दान किए हैं। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 150 से 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अधिकारियों की मौजूदगी में 26 नवंबर को यह चढ़ावा मंदिर प्रशासन को सौंपा गया। इस दौरान मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी मौजूद रहे।

45 आभूषणों के 9 सेट किए गए तैयार

इस खास चढ़ावे में कुल 45 सोने के आभूषण शामिल हैं, जिन्हें 9 सेट में तैयार किया गया है। इन आभूषणों को भगवान श्री वेंकटेश्वर को सिर से पैर तक सजाने के लिए विशेष रूप से बनवाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, दानकर्ता ने टीटीडी के साथ जरूरी विचार-विमर्श पूरा करने के बाद मंदिर में ही अधिकारियों को ये आभूषण सौंपे। रंगनायकुल मंडपम में इन आभूषणों को प्रदर्शित करने की भी व्यवस्था की गई।

मंदिर के इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत दान

सरकार और टीटीडी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, 121 किलोग्राम सोने के आभूषणों का यह चढ़ावा मंदिर के इतिहास में किसी एक श्रद्धालु की ओर से दिया गया अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत दान बताया जा रहा है। इसकी अनुमानित कीमत 150 से 160 करोड़ रुपये के बीच है।

पहले भी भक्त ने दिया था 10 करोड़ रुपये का दान

इससे पहले हैदराबाद के श्रद्धालु कोडाली श्रीकांत ने टीटीडी के श्री वेंकटेश्वर अन्नप्रसादम ट्रस्ट को 10 करोड़ रुपये का दान दिया था। उन्होंने रंगनायकुल मंडपम में टीटीडी के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी वेंकैया चौधरी को दान का चेक सौंपा था।

बता दें कि भगवान वेंकटेश्वर का प्रसिद्ध मंदिर आंध्र प्रदेश के तिरुमला की पहाड़ियों पर स्थित है। यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और मंदिर में सोना, नकदी सहित कई तरह के दान करते हैं।

Share This Article