चलती लोकल से बुजुर्ग दिव्यांग यात्री को नीचे धकेला, बांद्रा-माहिम के बीच दर्दनाक हादसा; आरोपी गिरफ्तार

Thecity news
3 Min Read

मुंबई लोकल के दिव्यांग कोच में सीट को लेकर हुए विवाद में 62 वर्षीय दिव्यांग यात्री को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया गया। गंभीर रूप से घायल यात्री की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बांद्रा जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है।

मुंबई में लोकल ट्रेन के दिव्यांग कोच में सीट को लेकर हुए विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। चर्चगेट-बोरीवली लोकल ट्रेन में गुरुवार दोपहर सीट को लेकर हुए विवाद के दौरान एक 62 वर्षीय दिव्यांग यात्री को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया गया। गंभीर रूप से घायल यात्री की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना पश्चिम रेलवे के माहिम और बांद्रा रेलवे स्टेशनों के बीच दोपहर करीब 1:22 बजे हुई।

चलती ट्रेन से दिया धक्का

जानकारी के अनुसार, आरोपी अमजद सफरुद्दीन शेख, उम्र 48 वर्ष, लोकल ट्रेन के दूसरे दिव्यांगजन कोच में दोपहर 1:09 बजे लोअर परेल स्टेशन से सवार हुआ था। मृतक केजितान पाल डेनिस पिरिस, उम्र 62 वर्ष, माहिम स्टेशन से उसी कोच में सवार हुए थे।

सीट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान अमजद ने पिरिस को धक्का दे दिया, जिससे वह माहिम और बांद्रा के बीच चलती ट्रेन से नीचे गिर गए।

घटना के बाद लोकल ट्रेन बांद्रा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंची। यात्रियों ने ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कर्मियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आरपीएफ और एमएसएफ के जवानों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे बांद्रा रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया।

अस्पताल पहुंचने पर हुई मौत

आरपीएफ, जीआरपी और ड्यूटी पर तैनात स्टेशन स्टाफ मौके पर पहुंचा। घायल यात्री को दूसरी ट्रेन के जरिए बांद्रा लाया गया। इसके बाद दोपहर करीब 1:57 बजे एंबुलेंस से उन्हें बांद्रा पश्चिम स्थित भाभा अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में उन्हें दोपहर 2:10 बजे भर्ती किया गया। हालांकि, ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने दोपहर 3:05 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जीआरपी ने दर्ज किया मामला

मामले में बांद्रा जीआरपी ने सीआर नंबर 207/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक और आरोपी दोनों बिना वैध रेलवे टिकट या पास के यात्रा कर रहे थे।

Share This Article