भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज में कीवी खिलाड़ी सीमित संस्करण की जर्सी पहनेंगे, जिसमें माओरी संस्कृति और भारतीय कला की झलक दिखाई देगी।
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर। भारतीय क्रिकेट टीम इसी महीने न्यूजीलैंड का दौरा करेगी। दौरे की शुरुआत पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से होगी, जिसके बाद पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम भारत के खिलाफ खास जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेगी। इस जर्सी के जरिए दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाया जाएगा।
साल 1926 में भारतीय सेना की हॉकी टीम ने पहली बार न्यूजीलैंड का दौरा किया था। इस दौरे ने दोनों देशों के खिलाड़ियों और समुदायों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाई थी। इसी साझा इतिहास और सांस्कृतिक जुड़ाव को सम्मान देने के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट ने विशेष जर्सी तैयार कराई है।
जर्सी में दिखेगी माओरी संस्कृति और भारतीय कला की झलक
न्यूजीलैंड की इस खास जर्सी को ‘कोटाहितांगा वनडे शर्ट’ नाम दिया गया है। इसका डिजाइन दोनों देशों के साझा इतिहास, सांस्कृतिक जुड़ाव और आपसी सम्मान को दर्शाता है। आगामी वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाड़ी इसी सीमित संस्करण वाली जर्सी को पहनकर खेलेंगे।
तीन कलाकारों ने मिलकर तैयार किया डिजाइन
इस जर्सी को तैयार करने में तीन कलाकारों ने योगदान दिया है। इनमें न्यूजीलैंड के बेन थॉमसन और गुजरात के शिव नारंदास व जय पंचा शामिल हैं। तीनों कलाकारों ने अपनी-अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से प्रेरणा लेकर ऐसा डिजाइन तैयार किया है, जो भारत और न्यूजीलैंड के लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को दर्शाता है।
बेन थॉमसन ने जर्सी में माओरी कला के पारंपरिक कोवाईव्हाई पैटर्न का इस्तेमाल किया है। डिजाइन में उन लोगों के योगदान को भी सम्मान दिया गया है, जिन्होंने दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाने में भूमिका निभाई।
वहीं, शिव नारंदास और जय पंचा ने इसमें भारतीय कला से जुड़े तीन प्रमुख प्रतीकों को शामिल किया है। इनमें भारत का राष्ट्रीय फूल कमल, भारतीय वास्तुकला से प्रेरित दोहराव वाला पैटर्न और मंडला शामिल हैं।
22 अक्टूबर से शुरू होगा भारत का न्यूजीलैंड दौरा
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य विपणन और वाणिज्यिक अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने इस पहल पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि कलाकारों ने माओरी और भारतीय डिजाइनों के बीच खूबसूरत संतुलन बनाया है, जो दोनों देशों के रिश्तों को दर्शाता है।
जर्सी के डिजाइनर बेन थॉमसन के मुताबिक, इस परियोजना का मुख्य विचार एकता था और डिजाइन इसी भावना को व्यक्त करता है। भारत का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होना है। इस खास जर्सी के जरिए वनडे सीरीज में क्रिकेट के साथ दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत और दोस्ती भी चर्चा में रहेगी।

