अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर अखिलेश का योगी को जवाब, टिकट को लेकर कही ये बात

Thecity news
4 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनौती पर अखिलेश यादव ने पलटवार किया। जेपी स्मारक पहुंचकर उन्होंने बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा।

लखनऊ, 11 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सभी प्रमुख दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दिए जाने पर सपा प्रमुख की प्रतिक्रिया सामने आई है।

अखिलेश यादव ने जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पहले अपनी टिकट पक्की कराकर आएं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को खुद किसी को टिकट दिलाने के लिए भटकना पड़ता है। अखिलेश ने सवाल किया कि क्या वह टिकट बांट सकते हैं?

लोकनायक जयप्रकाश के म्यूजियम पहुंचे अखिलेश

रविवार को अखिलेश यादव लोकनायक जयप्रकाश के म्यूजियम पहुंचे। यहां लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने जयप्रकाश नारायण के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया। अखिलेश ने कहा कि समाज के लिए उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि यहां आने का मौका बदलाव की शुरुआत जैसा लगता है।

अखिलेश ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और महात्मा गांधी के साथ काम किया। उन्होंने समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाया और समाज सुधार के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। अखिलेश के मुताबिक, जयप्रकाश आंदोलन ने तत्कालीन सरकार को हिलाने का काम किया था और उनका संपूर्ण क्रांति का विचार आज भी प्रासंगिक है।

‘सरकार किसी समाज सुधारक का सम्मान नहीं कर सकती’

अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार स्वतंत्रता सेनानियों और समाज सुधारकों का सम्मान नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि सरकार सब कुछ बेचना चाहती है और आजादी के आंदोलन में शामिल रहे लोगों के योगदान का उचित सम्मान नहीं किया जा रहा है।

‘पैसे की खनक के आगे विचार बेच दिया’

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार हर चीज से मुनाफा कमाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न जयप्रकाश नारायण की स्मृति में बनाए गए स्मारक को भी सरकार ने बेच दिया। अखिलेश ने आरोप लगाया कि इस स्थान को पैसे के दबाव में डाल दिया गया और विचारों के मुकाबले धन को महत्व दिया गया।

‘जितनी पीड़ा देंगे, उतना पीडीए बढ़ेगा’

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार में बैठे लोग जनता को पीड़ा दे रहे हैं और अब उनके जाने का समय आ गया है। उन्होंने दावा किया कि जनता का समर्थन पीडीए के साथ बढ़ेगा। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेगी और बीजेपी को हराने का प्रयास करेगी।

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग लोकनायक जयप्रकाश नारायण के दिखाए संपूर्ण क्रांति के रास्ते पर चलकर समाज और देश के निर्माण का संकल्प लेते हैं।

Share This Article