बिहार जाने वालों के लिए खुशखबरी! उधना-जयनगर के बीच चलेंगी 4 अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें

Thecity news
2 Min Read

दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के लिए रेलवे ने दो जोड़ी अनारक्षित ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। जानें तारीखें, समय और प्रमुख स्टॉपेज।

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर। त्योहारों पर बिहार अपने घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेल ने गुजरात के उधना और बिहार के जयनगर के बीच दो जोड़ी अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इन ट्रेनों से दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

ट्रेनों में होंगे 22 डिब्बे, आरक्षण की जरूरत नहीं

उत्तर मध्य रेलवे के मुताबिक, दोनों जोड़ी ट्रेनें पूरी तरह अनारक्षित होंगी। इनमें यात्रा के लिए पहले से रिजर्वेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। प्रत्येक ट्रेन में आठ स्लीपर, 11 सामान्य श्रेणी, एक एसएलआरडी और एक पैंट्री कार समेत कुल 22 डिब्बे होंगे।

अलग-अलग तारीखों पर चलेंगी दोनों जोड़ी ट्रेनें

उधना से जयनगर जाने वाली ट्रेनें 18 और 25 अक्टूबर, रविवार को चलेंगी। वहीं, जयनगर से उधना के लिए वापसी ट्रेनें 20 और 27 अक्टूबर, मंगलवार को रवाना होंगी। दोनों जोड़ी ट्रेनों का समय अलग-अलग रहेगा।

ट्रेन नंबर 09073/09074 का समय

ट्रेन नंबर 09073 उधना-जयनगर अमृत भारत स्पेशल रविवार सुबह 9:50 बजे उधना से रवाना होगी और मंगलवार सुबह 5:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 09074 मंगलवार सुबह 9 बजे जयनगर से चलेगी और गुरुवार सुबह 7:30 बजे उधना पहुंचेगी।

ट्रेन नंबर 09071/09072 का समय

ट्रेन नंबर 09071 उधना-जयनगर अमृत भारत स्पेशल रविवार दोपहर 3:45 बजे उधना से रवाना होगी और मंगलवार सुबह 11:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 09072 मंगलवार दोपहर 1:30 बजे जयनगर से चलेगी और गुरुवार सुबह 8:30 बजे उधना पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

दोनों जोड़ी ट्रेनें एक ही रूट पर चलेंगी और इनके स्टॉपेज भी समान होंगे। रास्ते में वडोदरा, रतलाम, नागदा, उज्जैन, संत हिरदाराम नगर, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी रेलवे स्टेशनों पर ठहराव होगा।

Share This Article