प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विकसित भारत के संकल्प की बात की। उन्होंने कहा कि आज भारत ने एक बहुत बड़ा सपना देखा है, जो नई ऊंचाइयों को छूने का है। जब आजादी के 100 साल होंगे, 2047 में हम विकसित भारत बनाकर रहेंगे। 140 करोड़ देशवासियों के पुरुषार्थ से इस लक्ष्य को हासिल करना है। अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने पेट्रोल-डीजल से लेकर डिफेंस सेक्टर और बढ़ती अर्थव्यवस्था को लेकर कई बड़ी बातें कहीं।
पहली बड़ी बात: सबसे तेजी से बढ़ती इकोनॉमी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से दिए अपने भाषण में भारतीय अर्थव्यवस्था के बारे में कहा कि आज भारतीय अर्थव्यवस्था ‘फ्रैजाइल फाइव’ से निकलकर सबसे तेज अर्थव्यवस्था बनी है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं की सूची से बाहर निकलते हुए अब दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है।
दूसरी बड़ी बात: विकसित भारत का लक्ष्य
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम 2047 तक विकसित भारत बनकर रहेंगे। विकसित भारत का लक्ष्य पिछले 12 वर्षों में देशवासियों ने जो सामर्थ्य दिखाया है, उसी का हिस्सा है। सदी का एक-चौथाई हिस्सा बीत चुका है और अगला एक-चौथाई हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि अब हम रुक नहीं सकते और हमारी गति नहीं रुक सकती। हमारी दिशा तय हो चुकी है और हमें उसे प्राप्त करके रहना है। इसे पाने के लिए हमें काम की रफ्तार बदलनी होगी। जो पिछले 5-7 दशकों में नहीं हुए, वे काम हमें अगले 5-7 साल में करने हैं।
तीसरी बड़ी बात: दूसरों पर निर्भर नहीं रहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत को अब दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहना है, बल्कि आत्मनिर्भर बनना है। दुनिया में बहुत कुछ मिलता है, सस्ता मिलता है और जल्दी मिलता है, लेकिन उससे हमारा सामर्थ्य तैयार नहीं होता। इसलिए हमें अपनी क्षमताओं को बढ़ाना है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में सेमीकंडक्टर प्लांट लगाए हैं। इनमें तीन शुरू हो गए हैं, जबकि 7-8 साल में और प्लांट शुरू होंगे। प्रधानमंत्री के मुताबिक, आज की डिजिटल दुनिया में चिप का महत्व समझा जा सकता है। इसके बिना दुनिया थम जाएगी। अपने हितों की सुरक्षा हमें खुद करनी है, इसलिए आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं।
चौथी बड़ी बात: डिफेंस समेत तमाम सेक्टर में बढ़ता भारत
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीते वर्षों में डिफेंस सेक्टर में भारत के कदम लगातार बढ़े हैं। इन 12 वर्षों में डिफेंस प्रोडक्शन करीब 4 गुना बढ़ा है। खादी एवं ग्रामोद्योग का उत्पादन करीब 5 गुना हुआ है, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग करीब 7 गुना बढ़ी है और आधुनिक रेलवे कोच का निर्माण 21 गुना बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन उत्पादन 33 गुना बढ़ा है। इसके अलावा डिजिटल और इनोवेशन की दुनिया में भी भारत ने अपना परचम लहराया है।
पांचवीं बड़ी बात: चुनौतियों का सामना कैसे करते?
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि आज दुनिया अपने पास मौजूद कई चीजों को हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। फिर बात चाहे पेट्रोल-डीजल की हो, खाद की हो या दवाइयों की। यहां तक कि भूभाग को भी हथियार बनाया जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे समय अगर भारत आत्मनिर्भरता के मंत्र के साथ आगे नहीं बढ़ा होता और 10 साल सही दिशा में काम नहीं किया होता, तो हम ऐसी चुनौतियों का मजबूती से सामना कैसे कर पाते।

