रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने जूनियर इंजीनियर (जेई) और डिपो मैटेरियल सुपरिटेंडेंट (डीएमएस) के 3993 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 14 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 13 सितंबर 2026 तय की गई है। उम्मीदवारों को आवेदन करते समय सिर्फ एक आरआरबी जोन का चुनाव करना होगा।
एक से अधिक आरआरबी में आवेदन करने पर सभी आवेदन रद्द किए जा सकते हैं। भर्ती से जुड़ी योग्यता, उम्र सीमा, परीक्षा पैटर्न और फीस की जानकारी नीचे दी गई है।
13 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
आरआरबी जेई भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 अगस्त से शुरू हो चुके हैं। उम्मीदवार 13 सितंबर तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर है। अगर फॉर्म में किसी तरह का बदलाव करना है तो 16 से 25 सितंबर तक संशोधन का मौका मिलेगा। इसके लिए 250 रुपये संशोधन शुल्क देना होगा।
इस भर्ती में जेई के लिए संबंधित इंजीनियरिंग विषय में तीन साल का डिप्लोमा या बीई/बीटेक डिग्री जरूरी है। डीएमएस पद के लिए किसी भी इंजीनियरिंग विषय में तीन वर्षीय डिप्लोमा या डिग्री मांगी गई है। उम्मीदवार की उम्र 18 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए। एससी/एसटी को 5 वर्ष और ओबीसी-एनसीएल को 3 वर्ष की छूट मिलेगी।
सीबीटी-1 में 100 सवाल, एक तिहाई नेगेटिव मार्किंग
चयन प्रक्रिया में सीबीटी-1, सीबीटी-2, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट शामिल हैं। सीबीटी-1 स्क्रीनिंग परीक्षा होगी, जिसके अंक अंतिम मेरिट में नहीं जुड़ेंगे। इसमें 90 मिनट में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। गणित से 30, रीजनिंग से 25, सामान्य जागरूकता से 15 और सामान्य विज्ञान से 30 सवाल होंगे। गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक काटे जाएंगे।
सीबीटी-1 में सामान्य वर्ग/ईडब्ल्यूएस के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत, ओबीसी-एनसीएल और एससी के लिए 30 प्रतिशत तथा एसटी के लिए 25 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। सीबीटी-1 के आधार पर प्रत्येक आरआरबी की रिक्तियों के 15 गुना उम्मीदवारों का चयन सीबीटी-2 के लिए किया जाएगा। इसके बाद मेरिट के आधार पर दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट होगा।

