61वें जन्मदिन पर आधी रात को बालकनी में नजर नहीं आए सुपरस्टार, लेकिन एक भावुक नोट के जरिए चाहने वालों का आभार जताया।
शाहरुख खान के जन्मदिन पर आधी रात को अपने घर ‘मन्नत’ की बालकनी में आकर फैंस का अभिवादन करने का सिलसिला पिछले कुछ सालों से परंपरा बन गया था। हालांकि, इस साल सुपरस्टार अपने बांद्रा स्थित बंगले से दूर होने के कारण बालकनी में नजर नहीं आए।
इसके बावजूद फैंस अपने चहेते स्टार को जन्मदिन की बधाई देने के लिए उनके घर के बाहर इकट्ठा हुए। शाहरुख ने भी उन्हें निराश नहीं किया। भले ही वह खुद सामने नहीं आए, लेकिन हाथ से लिखा एक खास नोट साझा कर सभी का आभार जताया।
शाहरुख ने फैंस के लिए लिखा खास संदेश
शाहरुख खान के घर ‘मन्नत’ को उनकी आने वाली फिल्म ‘किंग’ के खास दृश्यों से सजाया गया था। इससे उनके 61वें जन्मदिन पर फैंस का उत्साह और बढ़ गया।
सोमवार आधी रात को ‘मन्नत’ के बाहर जुटे प्रशंसकों को फिल्म की झलकियां देखने को मिलीं। साथ ही, वहां लगे एक बड़े बोर्ड पर शाहरुख की ओर से हाथ से लिखा संदेश भी नजर आया।
इस नोट में लिखा था, “आप सभी की शुभकामनाओं और प्यार के लिए धन्यवाद। मैं भी आप सभी को ढेर सारा प्यार भेजता हूं।” संदेश के आखिर में उन्होंने लिखा, “ढेर सारा प्यार और एक बड़ा सा हग।”
‘किंग’ के पोस्टर और डायलॉग से सजा ‘मन्नत’
‘मन्नत’ के बाहर लगाए गए बोर्ड पर फिल्म ‘किंग’ के कुछ बड़े दृश्य और डायलॉग भी प्रदर्शित किए गए थे। इनमें ‘किंग अकेला काफी है’ और ‘डर नहीं, दहशत हूं’ जैसे संवाद शामिल थे।
वहीं, शाहरुख के जन्मदिन को देखते हुए उनके घर के बाहर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी। पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी रखी।
जन्मदिन के साथ ‘किंग’ का प्रमोशन भी चर्चा में
शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ उनके होम प्रोडक्शन की फिल्म है। उनके प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट की ओर से फिल्म के प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
रविवार को शाहरुख के 61वें जन्मदिन से पहले मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक को उनकी तस्वीरों और शुभकामनाओं से रोशन किया गया था। इससे पहले पिछले मंगलवार को शाहरुख ने फिल्म का नया पोस्टर जारी कर फैंस को खास तोहफा दिया था।
कब रिलीज होगी शाहरुख खान की ‘किंग’?
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘पठान’ के बाद शाहरुख खान और सिद्धार्थ आनंद एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं।
राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘डंकी’ के बाद तीन साल से अधिक समय के अंतराल पर शाहरुख खान की यह पहली फिल्म होगी। इसमें वह पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। फिल्म में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी और अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिकाओं में हैं।

