स्वास्थ्य विभाग ने सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर के पदों पर आवेदन मांगे हैं। योग्य डॉक्टर 2 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे।
बिहार में मेडिकल और हेल्थकेयर के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले डॉक्टरों के लिए भर्ती का अवसर आया है। बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के तहत बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (बीसीईसीईबी) ने सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर के 575 पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है।
इस भर्ती के माध्यम से रेडियोथेरेपी, रेडियोलॉजी, एनाटॉमी और फिजियोलॉजी सहित 10 अलग-अलग मेडिकल विभागों में योग्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों का कार्यकाल तीन साल का होगा।
शैक्षणिक योग्यता
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री (एमडी, एमएस या डीएनबी) होनी चाहिए।
इसके साथ ही अभ्यर्थी का नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) या संबंधित मेडिकल काउंसिल के तहत वैध पंजीकरण होना अनिवार्य है।
आयु सीमा
उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। श्रेणी के अनुसार अधिकतम आयु सीमा इस प्रकार है।
- अनारक्षित पुरुष: 37 वर्ष।
- अनारक्षित महिला: 40 वर्ष।
- पिछड़ा वर्ग (बीसी) और अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के पुरुष और महिला: 40 वर्ष।
- अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के पुरुष और महिला: 42 वर्ष।
आरक्षित श्रेणियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
हर महीने 1.15 लाख रुपये वेतन
इस भर्ती के तहत चयनित सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर को 1,15,000 रुपये प्रति माह वेतन दिया जाएगा।
आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें और शुल्क
भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियां इस प्रकार हैं।
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू होने की तारीख: 2 नवंबर 2026।
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि: 23 नवंबर 2026, रात 10 बजे तक।
- शुल्क भुगतान और फॉर्म का अंतिम सबमिशन: 23 नवंबर 2026, रात 11:59 बजे तक।
- आवेदन में सुधार की अंतिम तिथि: 24 नवंबर 2026।
- आवेदन और काउंसलिंग शुल्क: 2,250 रुपये।
सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।
बिना लिखित परीक्षा होगा चयन
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के बिना मेरिट के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय अपनी शैक्षणिक योग्यता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी सही-सही भरनी होगी।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
- सबसे पहले बीसीईसीईबी की आधिकारिक वेबसाइट bceceboard.bihar.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत ‘अप्लाई फॉर सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर’ लिंक पर क्लिक करें।
- ‘न्यू रजिस्ट्रेशन’ विकल्प चुनकर अपना मोबाइल नंबर और ईमेल सहित जरूरी जानकारी दर्ज करें।
- रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करें और आवेदन फॉर्म में शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी जानकारी भरें।
- निर्धारित प्रारूप में फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
- ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करके फॉर्म का अंतिम सबमिशन करें।
- भविष्य के लिए आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने से पहले बीसीईसीईबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी भर्ती नोटिफिकेशन जरूर पढ़ लें।

