आर्थिक और निजी कारणों का हवाला देते हुए शहजाद पूनावाला ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन को इस्तीफा भेजा है। उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़ रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के दृष्टिकोण का समर्थन करते रहेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोमवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया। उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन को पत्र भेजकर पार्टी छोड़ने की जानकारी दी। पूनावाला के बीजेपी छोड़ने की चर्चा पिछले कुछ समय से चल रही थी, लेकिन अब उन्होंने आधिकारिक तौर पर अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी है।
पूनावाला ने पार्टी छोड़ने के पीछे आर्थिक और निजी परिस्थितियों को वजह बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बीजेपी अध्यक्ष को भेजे गए इस्तीफे का पत्र साझा करते हुए कहा कि उन्होंने एक बार फिर बीजेपी और नितिन नबीन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है और इसे स्वीकार करने का अनुरोध किया है।
प्यार, सम्मान और मंच के लिए आभार जताया
पूनावाला ने अपने इस्तीफे में कहा कि वह बीजेपी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिले मार्गदर्शन, प्यार, सम्मान और अवसर के लिए हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नितिन नबीन, अमित शाह, बीएल संतोष, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पूरे संघ परिवार का विशेष तौर पर जिक्र किया।
पसमांदा मुस्लिम समाज का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी अन्य देश या किसी अन्य पार्टी में उनके जैसी कहानी शायद ही संभव हो पाती। उन्होंने खुद को एक युवा पसमांदा मुस्लिम और बिना किसी राजनीतिक परिवार की पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति बताया।
पूनावाला ने कहा कि वह उस पार्टी और राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से विदा ले रहे हैं, जिसे उन्होंने बहुत प्यार किया। हालांकि, उन्होंने विकसित भारत और मेक इंडिया ग्रेट अगेन के मिशन और विजन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाने की बात कही।
30 जुलाई को भी दिया था इस्तीफा
पूनावाला ने अपने पत्र में बताया कि उन्होंने इससे पहले 30 जुलाई को भी आर्थिक और निजी परिस्थितियों का हवाला देते हुए बीजेपी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से बिना किसी शर्त के इस्तीफा देने की पेशकश की थी।
उन्होंने कहा कि उस समय पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार करने से इनकार कर दिया था और उनसे अपने फैसले पर दोबारा विचार करने का अनुरोध किया था। पूनावाला के मुताबिक, यह उनके लिए भावुक पल था क्योंकि पार्टी ने उनका इस्तीफा तुरंत स्वीकार नहीं किया।
हालांकि, काफी विचार-विमर्श के बाद उन्होंने अब राष्ट्रीय प्रवक्ता पद और बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से मुक्त होने का फैसला किया है।
निजी क्षेत्र में जाने की बात कही
पूनावाला ने कहा कि जरूरी आर्थिक और निजी परिस्थितियों के कारण वह निजी क्षेत्र में जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी और जिस भी स्वरूप में संभव होगा, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के दृष्टिकोण और कार्यों का समर्थन करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि वह पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहे हैं, लेकिन विचार और व्यक्ति नहीं।
एक्स बायो बदलने के बाद तेज हुई थीं अटकलें
शहजाद पूनावाला के बीजेपी छोड़ने की अटकलें पिछले दिनों उस समय तेज हो गई थीं, जब उन्होंने अपने एक्स प्रोफाइल के बायो से बीजेपी का नाम हटा दिया था। इसके बाद राजनीतिक हलकों में उनके पार्टी छोड़ने की चर्चा शुरू हो गई थी।
अब पूनावाला ने खुद इस्तीफे का ऐलान कर इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।

