विधानसभा में गूंजा मुद्दा, Vijay Wadettiwar ने सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग
मुंबई: चंद्रपुर किडनी रैकेट मामले ने महाराष्ट्र की सियासत को झकझोर दिया है। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने दावा किया है कि इस मामले में दिल्ली के जिस डॉक्टर का नाम सामने आया है, वह पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित है।
यह सनसनीखेज मामला 16 दिसंबर 2025 को उजागर हुआ था, जब चंद्रपुर जिले के एक किसान द्वारा साहूकार का कर्ज चुकाने के लिए अपनी किडनी बेचने की बात सामने आई। बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा विधायक Atul Bhatkhalkar ने यह मुद्दा उठाया। चर्चा में विधायक अर्जुन खोतकर ने भी भाग लिया।
मास्टरमाइंड और साहूकारों पर मकोका लगाने की मांग
वडेट्टीवार ने सरकार से सवाल किया कि क्या वह पद्मश्री से सम्मानित आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार करने का साहस दिखाएगी। उन्होंने किडनी रैकेट के मुख्य मास्टरमाइंड और इसमें शामिल साहूकारों के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (मकोका) के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि साहूकारों के षड्यंत्र में फंसकर एक किसान परिवार पूरी तरह बर्बाद हो गया है। ऐसे में पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये की तत्काल सहायता दी जानी चाहिए।
सरकार का आश्वासन
गृह राज्य मंत्री Pankaj Bhoyar ने सदन में आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे मामलों में कानून को और सख्त बनाने पर भी विचार कर रही है तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दी जाएगी।
1 लाख का कर्ज, 74 लाख की वसूली
जानकारी के मुताबिक, चंद्रपुर के किसान रोशन कुले ने 1 लाख रुपये का कर्ज लिया था, लेकिन साहूकार ने उससे 74 लाख रुपये तक वसूल लिए। कर्ज चुकाने के लिए किसान ने अपना ट्रैक्टर और खेत तक बेच दिया। इसके बावजूद जब कर्ज समाप्त नहीं हुआ, तो उसे अपनी किडनी बेचने पर मजबूर होना पड़ा।
आरोप है कि उसे डेटा सेंटर में नौकरी का झांसा देकर विदेश भेजा गया, जहां उसकी किडनी निकाल ली गई।
यह मामला राज्य में अवैध अंग तस्करी और साहूकारी प्रथा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

