बीएमसी में फिर आमने-सामने ठाकरे बंधु? नगरसेवक बंटवारे को लेकर यूबीटी-मनसे में बढ़ा तनाव

Thecity news
4 Min Read

मुंबई: करीब दो दशक लंबे मनमुटाव के बाद एक साथ आए यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के बीच एक बार फिर मतभेद सामने आने लगे हैं। बीएमसी चुनाव में साथ आने के बावजूद दोनों दल बीजेपी-शिंदे गुट को हराने में सफल नहीं हो पाए थे। अब बीएमसी के स्वीकृत नगरसेवकों के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच टकराव की खबरें सामने आ रही हैं।

राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, नगरसेवकों की नामांकन प्रक्रिया को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दोनों दलों के रिश्तों पर असर डाल सकता है। हालांकि डैमेज कंट्रोल के लिए बातचीत का दौर भी जारी है।


स्वीकृत नगरसेवकों के बंटवारे से शुरू हुआ विवाद

बीएमसी में संख्या बल के आधार पर उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) तीन स्वीकृत नगरसेवकों को नामांकित कर सकती थी।

बताया जा रहा है कि इन तीन सीटों में से मनसे ने अपने एक नेता के लिए एक सीट की मांग की थी। लेकिन यूबीटी ने यह मांग मानने से इनकार कर दिया।

इससे नाराज होकर राज ठाकरे की मनसे ने बीएमसी की वार्ड कमिटी अध्यक्ष पद के चुनाव से दूरी बनाने का फैसला कर लिया। मनसे के इस रुख से उद्धव ठाकरे पर राजनीतिक दबाव बढ़ गया।


उद्धव ठाकरे ने शुरू किया डैमेज कंट्रोल

बीएमसी की 17 वार्ड कमेटी के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख बुधवार थी। ऐसे में मनसे की नाराजगी को कम करने के लिए उद्धव ठाकरे ने अपने विशेष दूत संजय राऊत को राज ठाकरे से मिलने भेजा।

दोनों नेताओं के बीच करीब 25 मिनट तक चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, यूबीटी ने मनसे को भविष्य में ज्यादा प्रभाग देने का प्रस्ताव रखा है। इसके बाद दोनों दलों के बीच सुलह की संभावना जताई जा रही है।


एकनाथ शिंदे से मुलाकात भी बनी विवाद की वजह

राजनीतिक हलकों में यह भी माना जा रहा है कि ठाकरे बंधुओं के बीच बढ़ती दूरी की एक बड़ी वजह डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से राज ठाकरे की हालिया मुलाकात है।

राज ठाकरे ने हाल ही में शिंदे से उनके निवास पर मुलाकात की थी। यह मुलाकात उद्धव ठाकरे को पसंद नहीं आई थी।

सूत्रों के अनुसार, उद्धव का मानना था कि जिस नेता ने उनसे मुख्यमंत्री पद छीनने के साथ-साथ पार्टी में विभाजन कराया, उससे राज ठाकरे को नहीं मिलना चाहिए था।

हालांकि राज ठाकरे ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि हर मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से देखना सही नहीं है।


सरदेसाई और मनसे नेताओं के बीच भी बैठक

इस विवाद के बीच शिवसेना (यूबीटी) के विधायक वरुण सरदेसाई भी बुधवार को मनसे कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने मनसे नेता संदीप देशपांडे और बीएमसी में पार्टी के ग्रुप लीडर यशवंत किल्लेदार से मुलाकात की।

बैठक के बाद सरदेसाई ने मीडिया से कहा कि चुनाव के बाद वार्ड समितियों का बंटवारा होता है और इसके लिए सहयोगी दलों के बीच बातचीत जरूरी होती है।

उन्होंने कहा कि राजनीति में संवाद जरूरी है और बीएमसी प्रभाग समिति चुनाव के संदर्भ में मनसे नेताओं से उनकी मुलाकात भी उसी प्रक्रिया का हिस्सा है।

Share This Article