गोरेगांव के सिद्धार्थ मनपा अस्पताल के पुनर्विकास में देरी पर महापौर रितु तावड़े नाराज

Thecity news
3 Min Read

306 बेड के अस्पताल परियोजना का निरीक्षण कर अधिकारियों से मांगी स्पष्ट कार्ययोजना

Ritu Tawde ने Goregaon West स्थित सिद्धार्थ मनपा सर्वसाधारण अस्पताल के पुनर्विकास कार्य में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई है। शुक्रवार को उन्होंने परियोजना स्थल का अचानक दौरा कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को परियोजना की मौजूदा स्थिति तथा इसे समय पर पूरा करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

महापौर रितु तावड़े पी दक्षिण प्रभाग समिति अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया के सिलसिले में गोरेगांव पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने सिद्धार्थनगर स्थित अस्पताल पुनर्विकास परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगरसेवक हर्ष पटेल, नगरसेविका प्रीति साटम, उप आयुक्त (परिमंडल-4) डॉ. भाग्यश्री कापसे, अस्पताल आधारभूत संरचना विभाग के सहायक अभियंता रविंद्रनाथ यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

8 से 10 लाख लोगों को मिलेगा लाभ

अधिकारियों के अनुसार सिद्धार्थनगर, गोरेगांव पश्चिम, जोगेश्वरी पश्चिम, मालाड पश्चिम, मालवणी और आरे कॉलोनी क्षेत्रों की लगभग 8 से 10 लाख आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के उद्देश्य से 306 बेड क्षमता वाले इस अस्पताल का पुनर्विकास किया जा रहा है। इस परियोजना का निर्माण कार्य 10 अप्रैल 2023 को शुरू हुआ था और इसे 36 महीनों में यानी अप्रैल 2026 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित था।

11 मंजिला इमारतों का अधिकांश निर्माण पूरा

हालांकि मानसून के दौरान खुदाई में भूस्खलन, शवविच्छेदन केंद्र के स्थानांतरण, उपयोगिता लाइनों में बदलाव और अन्य प्रशासनिक व तकनीकी कारणों के चलते परियोजना में देरी हुई है। फिलहाल अस्पताल की 11 मंजिला दो इमारतों में से 10 मंजिल तक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं कर्मचारी और रेजिडेंट मेडिकल अधिकारियों के लिए बनाई जा रही 21 मंजिला आवासीय इमारतों में 20 मंजिल तक का काम पूरा होने की जानकारी अधिकारियों ने दी।

निरीक्षण के बाद महापौर ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी परियोजनाओं में दो साल की देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Share This Article