मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (MMRC) ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर एक खास पहल की घोषणा की है। इसके तहत मुंबई मेट्रो लाइन-3 (एक्वा लाइन) के दो प्रमुख स्टेशन—मरोल नाका और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT)—8 मार्च को पूरी तरह महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित किए जाएंगे।
MMRC का खास कदम, 85 महिला कर्मचारी संभालेंगी संचालन
इस पहल का उद्देश्य शहरी परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को प्रोत्साहित करना और महिला सशक्तिकरण का संदेश देना है। जानकारी के मुताबिक इन दोनों स्टेशनों की सभी दैनिक गतिविधियां महिलाओं के जिम्मे होंगी। इसमें स्टेशन कंट्रोल, टिकटिंग, यात्री सहायता (पैसेंजर असिस्टेंस), सुरक्षा व्यवस्था, मेंटेनेंस सहायता और हाउसकीपिंग जैसी जिम्मेदारियां शामिल हैं। कुल 85 महिला कर्मचारी अलग-अलग शिफ्ट में इन स्टेशनों का संचालन करेंगी।
27 महिला मेट्रो पायलट भी चला रहीं ट्रेनें
मुंबई मेट्रो लाइन-3 पर 27 महिला ट्रेन ऑपरेटर (मेट्रो पायलट) भी नियमित रूप से ट्रेनों का संचालन कर रही हैं। इसके अलावा मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन में अलग-अलग स्तरों पर कुल 1,388 महिला कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें ऑफिस स्टाफ के साथ-साथ ऑपरेशन, टिकटिंग, हाउसकीपिंग और सुरक्षा सेवाओं में काम करने वाली महिला कर्मचारी भी शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उठाया गया यह कदम सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है और यह संदेश देता है कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।

