पटना के IGIMS में MBBS-पीजी परीक्षा 2025 में धांधली के आरोप, गुमनाम ईमेल से मचा हड़कंप

Thecity news
3 Min Read

पटना: इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में एमबीबीएस और पीजी अंतिम वर्ष 2025 की परीक्षा को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। एक गुमनाम ईमेल के जरिए की गई शिकायत ने संस्थान में हड़कंप मचा दिया है। प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी के संकेत मिलने के बाद लगातार उच्चस्तरीय बैठकों का दौर जारी है।

गुमनाम शिकायत में बड़े आरोप

शिकायतकर्ता ने अपनी पहचान उजागर न करते हुए दावा किया है कि परीक्षा प्रक्रिया में धांधली हुई है और कथित तौर पर पैसे लेकर छात्रों को उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई गईं। ईमेल के अनुसार, इस पूरे मामले में संस्थान के शिक्षकेत्तर कर्मचारी शामिल हो सकते हैं। शिकायत में 40 से 50 छात्रों के इस गड़बड़ी में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

जांच में सामने आईं विसंगतियां

मामले की गंभीरता को देखते हुए 17 मार्च को निदेशक कक्ष में पहली बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद डीन (परीक्षा) कक्ष में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इन बैठकों में उत्तर पुस्तिकाएं, कोडेड लीफलेट और उपस्थिति पत्रक जैसे सीलबंद पैकेट खोले गए।
प्रारंभिक जांच में कई स्तर पर विसंगतियां और संभावित जालसाजी के संकेत मिले हैं। संदिग्ध दस्तावेजों को दोबारा सील कर आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

बड़े नेटवर्क के खुलासे की आशंका

सूत्रों के मुताबिक, यदि निष्पक्ष और गहन जांच होती है तो एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। फिलहाल, इस मामले में किसी भी आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई शुरू नहीं की गई है, जिससे छात्रों और अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।

डीन (परीक्षा) में बदलाव, इस्तीफे की चर्चा

इस बीच 2 अप्रैल को डीन (परीक्षा) प्रकाश कुमार दूबे को पद से हटा दिया गया। चर्चा है कि उन्होंने इस्तीफा दिया है। इसके बाद गायनी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नीरू गोयल को डीन (परीक्षा) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

विशेष बैठक में शामिल हुए वरिष्ठ अधिकारी

7 अप्रैल को हुई विशेष बैठक में डीन (परीक्षा), सहायक डीन, रजिस्टार और पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी व फार्माकोलॉजी विभागों के प्रमुख शामिल हुए।
वहीं संस्थान के प्राचार्य डॉ. रंजीत गुहा ने कहा कि मामला संज्ञान में है और विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

Share This Article