आईपीएल 2026: राजस्थान रॉयल्स की 1.65 बिलियन डॉलर में बड़ी डील, मित्तल-पूनावाला बने नए मालिक

Thecity news
3 Min Read

डेढ़ महीने में दूसरी बार बिकी फ्रेंचाइजी, बीसीसीआई की मंजूरी बाकी

आईपीएल 2026 के बीच शानदार प्रदर्शन कर रही राजस्थान रॉयल्स को लेकर बड़ी कारोबारी खबर सामने आई है। मशहूर उद्योगपति लक्ष्मी एन मित्तल और उनके बेटे आदित्य मित्तल ने अदार पूनावाला के साथ मिलकर टीम को खरीदने का समझौता किया है।

करीब 1.65 बिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 13,700 करोड़ रुपये से ज्यादा) में हुई इस डील ने आईपीएल इतिहास में फ्रेंचाइजी वैल्यूएशन के नए रिकॉर्ड की ओर इशारा किया है। हालांकि यह सौदा अभी अंतिम नहीं है और इसे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड, सीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की मंजूरी मिलना बाकी है।

पहले सोमानी कंसोर्टियम की बोली, लेकिन डील नहीं हो सकी

इससे पहले अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने लगभग 1.63 बिलियन डॉलर की बोली लगाई थी, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक ड्यू डिलिजेंस प्रक्रिया में कुछ अड़चनों के चलते वह सौदा आगे नहीं बढ़ सका।

इसके बाद मित्तल परिवार और पूनावाला ग्रुप ने तेजी दिखाते हुए डील फाइनल कर ली। यह पिछले डेढ़ महीने में दूसरी बार है जब राजस्थान रॉयल्स की बिक्री की खबर सामने आई है।

मित्तल परिवार के पास होगी 75% हिस्सेदारी

जारी बयान के अनुसार, इस नई डील में मित्तल परिवार करीब 75% हिस्सेदारी अपने पास रखेगा, जबकि अदार पूनावाला के पास 18% हिस्सेदारी होगी। बाकी 7% हिस्सेदारी मौजूदा निवेशकों के पास रहेगी, जिसमें टीम के मौजूदा प्रमोटर मनोज बदाले भी शामिल हैं।

नए बोर्ड में लक्ष्मी मित्तल, आदित्य मित्तल, वनिषा मित्तल-भाटिया, अदार पूनावाला और मनोज बदाले शामिल होंगे।

इंटरनेशनल लीग टीम्स भी डील का हिस्सा

यह डील सिर्फ आईपीएल टीम तक सीमित नहीं है। इसमें दक्षिण अफ्रीका टी20 लीग की पार्ल रॉयल्स और कैरेबियन प्रीमियर लीग की बारबाडोस रॉयल्स भी शामिल हैं।

“राजस्थान से जुड़ाव, क्रिकेट से लगाव” – लक्ष्मी मित्तल

लक्ष्मी एन मित्तल ने इस डील पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें क्रिकेट से गहरा लगाव है और राजस्थान से उनके पारिवारिक जुड़ाव के कारण वे किसी अन्य टीम के बजाय राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बनना चाहते थे।

कब पूरी होगी डील?

माना जा रहा है कि सभी नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद यह सौदा 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरा हो सकता है।

Share This Article