बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। मतदान के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग को शिकायत भेजी है। पार्टी ने वोटर सत्यापन प्रक्रिया को और सख्ती से लागू करने की मांग की है।
भाजपा नेता नितिन अभिषेक ने रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर कहा कि जन सुराज पार्टी से जुड़े प्रतिनिधि और कार्यकर्ता कथित तौर पर फर्जी मतदान के जरिए चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी गतिविधियां लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों और निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया के खिलाफ हैं।
भाजपा ने चुनाव आयोग से मांग की है कि मतदान केंद्रों पर प्रत्येक मतदाता की पहचान का सख्ती से सत्यापन किया जाए। इसके तहत मतदाताओं के लिए इलेक्ट्रोरल फोटो आइडेंटिटी कार्ड (EPIC) प्रस्तुत करना अनिवार्य हो तथा मतदान से पहले मतदाता सूची से उनकी पहचान का सावधानीपूर्वक मिलान किया जाए।
मतदान के बीच भाजपा और जन सुराज कार्यकर्ताओं में झड़प
मतदान के दौरान किदवईपुरी स्थित एक मतदान केंद्र के बाहर भाजपा और जन सुराज के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
बिहार की सबसे चर्चित सीटों में शामिल है बांकीपुर
बांकीपुर विधानसभा सीट को बिहार की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में गिना जाता है। यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। उपचुनाव में भाजपा ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में हैं।
तीन दशक से भाजपा का गढ़ रही है सीट
बांकीपुर सीट पर पिछले लगभग 30 वर्षों से भाजपा का कब्जा रहा है। वर्ष 1995 में नवीन किशोर सिन्हा ने यहां पहली बार भाजपा को जीत दिलाई थी। उनके निधन के बाद वर्ष 2006 के उपचुनाव में उनके पुत्र नितिन नबीन पहली बार विधायक चुने गए और उसके बाद लगातार इस सीट पर जीत दर्ज करते रहे।

