इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ को रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड ने 9 अहम बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। हिंसक दृश्यों में कटौती, आपत्तिजनक शब्द हटाने और जरूरी डिस्क्लेमर जोड़ने के बाद फिल्म को यू/ए 16+ प्रमाणपत्र मिला है।
बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी की आगामी फिल्म ‘आवारापन 2’ रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड की जांच प्रक्रिया से गुजर चुकी है। साल 2007 में आई फिल्म ‘आवारापन’ की इस सीक्वल फिल्म को 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) ने फिल्म की समीक्षा के बाद निर्माताओं को कुल 9 बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। इन बदलावों के बाद फिल्म को यू/ए 16+ सर्टिफिकेट जारी किया गया है। यानी 16 वर्ष या उससे कम उम्र के दर्शक इसे अभिभावक की निगरानी में ही देख सकेंगे।
हिंसक दृश्यों और अपशब्दों पर चली कैंची
सीबीएफसी ने फिल्म के कई हिंसक दृश्यों की तीव्रता कम करने का निर्देश दिया है। फिल्म के दूसरे हिस्से में मौजूद एक बड़े एक्शन सीक्वेंस की आक्रामकता को लगभग 50 प्रतिशत तक घटाया गया है।
इसके अलावा संवादों में इस्तेमाल किए गए कुछ आपत्तिजनक और अश्लील शब्दों को ऑडियो ट्रैक और सबटाइटल दोनों से हटाने या बदलने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्रग्स और बाल तस्करी पर दिखेंगे डिस्क्लेमर
फिल्म में संवेदनशील विषयों को देखते हुए सेंसर बोर्ड ने ड्रग्स के सेवन और बाल तस्करी से जुड़े दृश्यों के दौरान विशेष डिस्क्लेमर दिखाना अनिवार्य किया है।
ड्रग्स से जुड़े दृश्यों में स्क्रीन पर एंटी-ड्रग्स संदेश भी प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही नए नियमों के तहत फिल्म का शीर्षक हिंदी में दिखाना और अंत में चलने वाले क्रेडिट्स को भी संशोधित करना होगा।
4 मिनट की कटौती के बाद तय हुआ रनटाइम
सीबीएफसी के निर्देशों के बाद फिल्म से करीब 4 मिनट के दृश्य हटाए गए हैं, जबकि लगभग 20 सेकंड के हिस्से को नए दृश्य से बदला गया है।
इन बदलावों के बाद फिल्म का अंतिम रनटाइम 140 मिनट 20 सेकंड यानी लगभग 2 घंटे 20 मिनट निर्धारित किया गया है।
14 अगस्त को होगी रिलीज
निर्देशक नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी, दिशा पाटनी और शबाना आजमी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 14 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

