मध्य प्रदेश के भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर मजदूरों से भरा लोडिंग वाहन सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हुए हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-719 पर मजदूरों से भरा लोडिंग वाहन सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोडिंग वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हुए हैं।
यह दर्दनाक हादसा देर रात करीब 12 बजे छीमका गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि लोडिंग वाहन में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के पछगवां और आसपास के गांवों के मजदूर सवार थे। ये मजदूर ग्वालियर जिले के डबरा के पास चिनोर गांव में धान की रोपाई का काम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
ट्रक से आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, छीमका गांव के पास सड़क पर बैठे मवेशियों को बचाने की कोशिश के दौरान लोडिंग वाहन के सामने अचानक स्थिति बिगड़ गई। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडिंग वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई मजदूर वाहन के अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला। हादसे की गंभीरता को देखते हुए डायल-108 की पांच एंबुलेंस को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया।
इलाज के दौरान 3 और घायलों ने तोड़ा दम
घायलों को डायल-112 और 108 एंबुलेंस की मदद से गोहद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
वहीं, गंभीर रूप से घायल कई मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर ले जाते समय तीन और घायलों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
हादसे में घायल 22 लोगों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे में सड़क पर बैठे मवेशियों को बचाने की कोशिश कितनी बड़ी वजह थी और दुर्घटना के समय दोनों वाहनों की रफ्तार कितनी थी। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

