नई दिल्ली, 5 सितंबर। दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज शताब्दी समारोह आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 7 बजे कॉलेज के इस विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री छात्रों और शिक्षकों से संवाद करेंगे।
1926 में हुई थी SRCC की शुरुआत
श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स की स्थापना 1926 में उद्योगपति और समाजसेवी लाला श्रीराम ने की थी। शुरुआती दौर में कॉलेज को कमर्शियल कॉलेज के नाम से जाना जाता था और इसका संचालन किराये की इमारत से होता था। बाद में इसे दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में स्थान मिला।
कॉलेज की मुख्य इमारत का निर्माण 1951 में पूरा हुआ था। इसका डिजाइन आर्किटेक्ट जीसी शर्मा ने तैयार किया था। भवन का उद्घाटन तत्कालीन उपराष्ट्रपति डॉ. एस। राधाकृष्णन ने किया था। वर्ष 1957 में कॉलेज दरियागंज से दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में स्थानांतरित हुआ।
कॉमर्स और इकोनॉमिक्स में बनाई अलग पहचान
SRCC को देश के प्रमुख कॉमर्स संस्थानों में गिना जाता है। कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स और बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स जैसे प्रमुख स्नातक पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इसके अलावा एमकॉम, एमए इकोनॉमिक्स और पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन ग्लोबल बिजनेस ऑपरेशंस जैसे कार्यक्रम भी उपलब्ध हैं।
स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया के तहत CUET स्कोर और CSAS प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है कैंपस
कॉलेज परिसर में एसी और वाई-फाई से लैस कक्षाएं, कंप्यूटर लैब, ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी, जिम और खेल सुविधाएं मौजूद हैं। कॉलेज की लाइब्रेरी में 80 हजार से अधिक किताबें और अध्ययन सामग्री होने की जानकारी दी जाती है। छात्रों के लिए हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध है, जहां वाई-फाई, डाइनिंग हॉल और कॉमन रूम जैसी सुविधाएं हैं।
कई नामचीन हस्तियां रह चुकी हैं SRCC की छात्र
SRCC के पूर्व छात्रों में पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली, विजय गोयल, अभिनेता गुलशन ग्रोवर, जगदीश मुखी, न्यायमूर्ति ए।के। सीकरी और अभिनेत्री निम्रत कौर सहित कई चर्चित नाम शामिल हैं। इन पूर्व छात्रों ने राजनीति, शिक्षा, कारोबार, न्यायपालिका और मनोरंजन समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले वर्ष 2013 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी SRCC का दौरा कर चुके हैं। उस दौरान उन्होंने कॉलेज के छात्रों को संबोधित किया था। अब कॉलेज के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित शताब्दी समारोह में उनकी मौजूदगी को संस्थान के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

