2 करोड़ की ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया भौकाल, 29वें दिन 10 करोड़ की कमाई; जल्द पार करेगी 100 करोड़

Thecity news
4 Min Read

बड़े बजट और सुपरस्टार्स की फिल्मों के बीच कम बजट की धार्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया है। बिना बड़े प्रचार-प्रसार के रिलीज हुई यह फिल्म अब रिलीज के पांचवें हफ्ते में पहुंच चुकी है, लेकिन दर्शकों के बीच इसका क्रेज लगातार बना हुआ है। जन्माष्टमी के मौके पर फिल्म को सिनेमाघरों में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और कमाई में भी बड़ा उछाल देखने को मिला।

29वें दिन भी शानदार कमाई

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 29वें दिन यानी शुक्रवार को करीब 10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। पांचवें हफ्ते में पहुंचने के बावजूद फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 47 प्रतिशत दर्ज की गई। देशभर में फिल्म के 5 हजार से अधिक शो चलाए जा रहे हैं, जो इसकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है।

जन्माष्टमी के मौके पर सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली। धार्मिक विषय और आध्यात्मिक कहानी के कारण फिल्म को इस खास अवसर का भी फायदा मिला है।

2 करोड़ के बजट से 100 करोड़ की ओर

‘हनुमान अंश’ की सबसे बड़ी खासियत इसका बेहद कम बजट है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म को महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। इसके बावजूद फिल्म ने 29 दिनों में भारत में करीब 82।88 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है।

वहीं फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन करीब 97।77 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। इस हिसाब से फिल्म अब 100 करोड़ रुपये के ग्रॉस आंकड़े से महज कुछ कदम दूर है। फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए इसके इस वीकेंड तक 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की उम्मीद जताई जा रही है।

तीसरे और चौथे हफ्ते में बदली तस्वीर

फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की थी, लेकिन समय के साथ दर्शकों के बीच इसकी चर्चा बढ़ती गई। खासतौर पर तीसरे और चौथे हफ्ते में फिल्म की कमाई में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिली।

आमतौर पर किसी फिल्म की कमाई रिलीज के शुरुआती सप्ताह के बाद लगातार गिरती है, लेकिन ‘हनुमान अंश’ ने इसके उलट लंबी रेस का प्रदर्शन किया है। पांचवें हफ्ते में भी हजारों शो और मजबूत ऑक्यूपेंसी फिल्म की लोकप्रियता का संकेत दे रहे हैं।

नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित है कहानी

‘हनुमान अंश’ की कहानी नीम करोली बाबा के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित है। फिल्म में उनके बचपन से लेकर संत बनने तक के सफर को पर्दे पर दिखाने की कोशिश की गई है।

फिल्म की कहानी आध्यात्मिकता, आस्था और प्रेरणा के इर्द-गिर्द घूमती है। यही विषय दर्शकों के एक खास वर्ग को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रहा है।

कलाकारों की एक्टिंग को मिल रही तारीफ

फिल्म में मुख्य भूमिका अभिनेता शोभिनाव सत्या ने निभाई है। उनके अभिनय को दर्शकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उनके साथ विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी और गुलशन पांडे जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

कम बजट और बिना बड़े स्टार प्रचार के रिलीज हुई इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि इसने दर्शकों के भरोसे और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ के दम पर अपनी पकड़ बनाए रखी है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि ‘हनुमान अंश’ 100 करोड़ रुपये के आंकड़े को कितनी जल्दी पार करती है।

Share This Article