‘मिर्जापुर: द मूवी’ देखने पहुंचे दर्शकों में भिड़ंत, थिएटर में चले बेल्ट और लात-घूंसे; वीडियो वायरल

Thecity news
4 Min Read

‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज के साथ ही दर्शकों में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हालांकि, इसी बीच सिनेमाघर के अंदर मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि फिल्म के शो के दौरान युवाओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते रील लाइफ की गैंगवार जैसा माहौल रियल लाइफ में नजर आने लगा और थिएटर के अंदर जमकर हंगामा हुआ।

थिएटर में निकली बेल्ट, जमकर हुई मारपीट

वायरल वीडियो में सिनेमाघर के अंदर कुछ युवाओं के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है। विवाद बढ़ने के बाद कुछ युवक बेल्ट निकालकर एक-दूसरे पर हमला करते नजर आए। करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और चीख-पुकार का माहौल दिखाई देता है।

थिएटर में मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में युवक किसी की बात सुनते नजर नहीं आए। इस दौरान अन्य दर्शकों के बीच भी अफरातफरी की स्थिति बन गई।

मुन्ना और गुड्डू भैया के फैंस के बीच विवाद का दावा

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर यूजर्स अलग-अलग दावे कर रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि कथित तौर पर विवाद ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के मुन्ना भैया और गुड्डू भैया के फैंस के बीच हुआ।

हालांकि, यह दावा अभी आधिकारिक तौर पर साबित नहीं हुआ है। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि दोनों किरदारों को लेकर बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। कई यूजर्स ने फिल्म की गैंगस्टर थीम से जोड़ते हुए इस घटना पर मजेदार और तंज भरे कमेंट भी किए हैं।

महाराष्ट्र के थिएटर का वीडियो होने का दावा

वायरल वीडियो को लेकर यह भी दावा किया जा रहा है कि घटना महाराष्ट्र के किसी सिनेमाघर की है। वीडियो में सुनाई दे रहे लोगों के बोलने के अंदाज के आधार पर महाराष्ट्र का कयास लगाया जा रहा है। हालांकि, घटना की सही लोकेशन की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

यह मामला फिल्म की रिलीज के दूसरे दिन यानी शनिवार रात का बताया जा रहा है। फिलहाल संबंधित थिएटर प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

बॉक्स ऑफिस पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की तेज रफ्तार

विवाद के बीच ‘मिर्जापुर: द मूवी’ बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन कर रही है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा स्टारर इस फिल्म को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के महज दो दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 79 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म के जल्द ही 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

फिल्म की कहानी और इसके चर्चित किरदारों को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त क्रेज था। रिलीज के बाद यह उत्साह सिनेमाघरों में भी देखने को मिल रहा है, लेकिन वायरल हुआ मारपीट का वीडियो इसी दीवानगी के दूसरे पहलू को सामने ला रहा है।

Share This Article