महाराष्ट्र में MBBS की 84.58% सीटें पहले राउंड में भरीं, BDS में 44.69% दाखिला; दूसरे राउंड का शेड्यूल जारी

Thecity news
4 Min Read

महाराष्ट्र NEET UG काउंसलिंग के पहले राउंड में 10,646 MBBS-BDS सीटों में से 8,001 पर एडमिशन, 2,645 सीटें खाली

महाराष्ट्र में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए MBBS और BDS एडमिशन के पहले राउंड में बड़ी संख्या में सीटें भर गई हैं। महाराष्ट्र स्टेट कॉमन एंट्रेंस टेस्ट सेल ने 6 सितंबर को पहले राउंड के एडमिशन के आंकड़े जारी किए। आंकड़ों के मुताबिक, राज्य कोटे के तहत उपलब्ध 10,646 MBBS और BDS सीटों में से 8,001 सीटों पर एडमिशन हुआ है। यानी पहले राउंड में कुल 75.15% सीटें भर गईं, जबकि 2,645 सीटें खाली रह गई हैं।

पहले राउंड में सीट अलॉट होने वाले छात्रों में से 1,317 ने अपनी सीट फ्रीज कर दी है, जबकि 6,684 छात्रों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना है। बेटरमेंट विकल्प चुनने वाले छात्र काउंसलिंग के अगले राउंड में अपनी पसंद की सीट या कॉलेज हासिल करने की कोशिश कर सकेंगे।

MBBS की 84.58% सीटों पर हुआ एडमिशन

महाराष्ट्र में कुल 8,129 MBBS सीटें उपलब्ध हैं। इनमें से पहले राउंड में 6,876 सीटों पर एडमिशन हुआ है। इस तरह MBBS की 84.58% सीटें पहले राउंड में ही भर गईं और 1,253 सीटें खाली रह गईं।

सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS एडमिशन की दर सबसे ज्यादा रही। यहां उपलब्ध 4,980 सीटों में से 4,665 सीटों पर दाखिला हुआ है। यानी सरकारी मेडिकल कॉलेजों की 93.67% सीटें भर चुकी हैं। इनमें 888 छात्रों ने अपनी सीट फ्रीज की, जबकि 3,677 छात्रों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अब 415 MBBS सीटें खाली हैं।

वहीं, निजी मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध 3,149 MBBS सीटों में से 2,311 सीटें भरी गई हैं। यहां एडमिशन की दर 73.38% रही। इनमें 249 छात्रों ने सीट फ्रीज की, जबकि 2,062 छात्रों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना। निजी मेडिकल कॉलेजों में अब 838 MBBS सीटें खाली हैं।

BDS में MBBS के मुकाबले कम रहा छात्रों का रुझान

MBBS की तुलना में BDS सीटों के लिए छात्रों का रुझान कम देखने को मिला। महाराष्ट्र में उपलब्ध कुल 2,517 BDS सीटों में से पहले राउंड में 1,125 सीटों पर एडमिशन हुआ। यानी BDS की 44.69% सीटें ही भर पाईं, जबकि 1,392 सीटें खाली रह गईं।

सरकारी डेंटल कॉलेजों में उपलब्ध 317 BDS सीटों में से 196 सीटों पर एडमिशन हुआ। यहां एडमिशन की दर 61.82% रही। इनमें 19 छात्रों ने सीट फ्रीज की, जबकि 177 छात्रों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना। सरकारी डेंटल कॉलेजों में अब 121 BDS सीटें खाली हैं।

निजी डेंटल कॉलेजों में 42.22% सीटें भरीं

प्राइवेट डेंटल कॉलेजों में भी BDS सीटों का बड़ा हिस्सा खाली रह गया। यहां उपलब्ध 2,200 सीटों में से 929 सीटों पर एडमिशन हुआ है। इस तरह निजी डेंटल कॉलेजों में एडमिशन की दर 42.22% रही।

इनमें 161 छात्रों ने अपनी सीट फ्रीज की, जबकि 768 छात्रों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना। निजी डेंटल कॉलेजों में पहले राउंड के बाद 1,271 BDS सीटें खाली हैं।

8 से 10 सितंबर तक भर सकेंगे पसंद

महाराष्ट्र स्टेट कॉमन एंट्रेंस टेस्ट सेल ने MBBS और BDS एडमिशन के दूसरे राउंड का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। दूसरे राउंड के लिए उपलब्ध सीटों की संख्या 7 सितंबर को जारी की जाएगी।

दूसरे राउंड के लिए छात्र 8 से 10 सितंबर तक अपनी पसंद और प्राथमिकताएं भर सकेंगे। इसके बाद 12 सितंबर को सीट अलॉटमेंट का रिजल्ट जारी किया जाएगा। बेटरमेंट का विकल्प चुनने वाले छात्रों के लिए यह राउंड पसंदीदा कॉलेज या सीट हासिल करने का अगला मौका होगा।

Share This Article