TVK नेताओं ने विजय को 2029 में प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बताया, कांग्रेस और MDMK ने जताई आपत्ति; 9 सितंबर की गठबंधन बैठक में उठ सकता है मुद्दा
पहली बार चुनाव लड़कर मुख्यमंत्री बनने वाले सी जोसेफ विजय का नाम अब प्रधानमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार के तौर पर चर्चा में है। खास बात यह है कि यह चर्चा किसी विपक्षी दल ने नहीं, बल्कि विजय की पार्टी तमिलागा वेत्री कझगम (TVK) के नेताओं ने शुरू की है। गठबंधन में शामिल कांग्रेस समेत कई दलों ने इस पर सवाल उठाए हैं।
TVK ने 9 सितंबर को गठबंधन के सहयोगी दलों की बैठक बुलाई है। ऐसे में माना जा रहा है कि गठबंधन की दूसरी बैठक में प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर चल रही चर्चा का मुद्दा भी उठ सकता है।
9 सितंबर की बैठक में गठबंधन को मिलेगा नया नाम
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के जी अरुणराज ने रविवार को बताया कि 9 सितंबर को होने वाली गठबंधन की बैठक में आधिकारिक रूप से गठबंधन के लिए एक साझा नाम अपनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सहयोगी दल इसकी मांग कर रहे हैं और एक साझा पहचान बनाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, “हम एक नाम देंगे, क्योंकि हमारे गठबंधन के सहयोगी इसकी मांग कर रहे हैं। हमें एक पहचान बनाने और उसे मजबूत करने की जरूरत है।”
TVK नेताओं ने विजय को बताया प्रधानमंत्री पद का चेहरा
तमिलनाडु की दुग्ध एवं डेयरी विकास मंत्री सी विजयलक्ष्मी ने मुख्यमंत्री विजय की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर भारत के राज्यों की भी उन पर नजर है और वहां के लोग भी उनके जैसा मुख्यमंत्री चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि विजय ने तमिलनाडु के युवाओं में राजनीति के प्रति गहरी रुचि पैदा की है और उनके बीच राजनीतिक जागरूकता बढ़ाई है। विजयलक्ष्मी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री को युवाओं के बीच मिल रहे भारी समर्थन के चलते कई नेता हाशिए पर चले गए और उन्हें “राजनीतिक संन्यास” लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।
इससे पहले तमिलनाडु सरकार में मंत्री एम शरतकुमार ने भी विजय को अगला प्रधानमंत्री बताया था। उन्होंने कहा था कि विजय न सिर्फ लोगों के दिलों और घरों में मुख्यमंत्री हैं, बल्कि वह अगले भारतीय प्रधानमंत्री भी हैं।
गठबंधन की सरकार, 118 के बहुमत से पीछे TVK
विजय की मुख्यमंत्री की कुर्सी भी गठबंधन के सहयोगी दलों पर निर्भर है। तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं और बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। TVK के पास 107 सीटें हैं।
गठबंधन में कांग्रेस के 5 विधायक हैं। इसके अलावा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, सीपीआई, सीपीएम और वीसीके के 2-2 विधायक शामिल हैं। ऐसे में सरकार चलाने के लिए TVK को अपने गठबंधन सहयोगियों के समर्थन की जरूरत है।
यही वजह है कि प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर विजय के नाम को आगे बढ़ाने की कोशिश गठबंधन के भीतर विवाद का कारण बन सकती है।
कांग्रेस और CPM ने राहुल गांधी के नाम का किया समर्थन
कांग्रेस पहले ही राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बता चुकी है। अब सीपीएम महासचिव एमए बेबी ने भी राहुल गांधी के समर्थन में बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर विपक्ष के नेता को प्रधानमंत्री पद के लिए दावा करने का अधिकार होता है और प्रधानमंत्री कौन होगा, इस पर चुनाव के बाद चर्चा की जानी चाहिए।
एमए बेबी ने कहा कि उनकी पार्टी अपनी संख्या के आधार पर प्रधानमंत्री पद का दावा नहीं करेगी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि तमिलनाडु में जोसेफ विजय के नाम की संभावित प्रधानमंत्री उम्मीदवार के रूप में चर्चा हो रही है, लेकिन वह इस विवाद में नहीं पड़ना चाहते।
MDMK ने भी विजय के PM बनने की चर्चा पर जताई आपत्ति
विजय सरकार को बाहर से समर्थन दे रही MDMK ने भी प्रधानमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर आपत्ति जताई है। पार्टी प्रमुख वाइको ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर INDIA गठबंधन का नेतृत्व करती है और ऐसे में राहुल गांधी ही प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हो सकते हैं।
वाइको ने कहा कि गठबंधन में रहते हुए मंत्रियों को अपनी इच्छा के मुताबिक बयान नहीं देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय से भी अपने मंत्रियों को इस मुद्दे पर बयान देने से रोकने की अपील की।
कांग्रेस ने दी सरकार से समर्थन वापस लेने की चेतावनी
कांग्रेस विधायक और पर्यटन मंत्री एस राजेश कुमार ने इससे भी कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर TVK ने 2029 के चुनाव में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में समर्थन नहीं दिया, तो कांग्रेस के दो मंत्री कैबिनेट से इस्तीफा दे देंगे।
कुमार ने कहा कि अगर TVK मुख्यमंत्री विजय को 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने की अपनी योजना जारी रखती है, तो दोनों मंत्री सरकार से इस्तीफा दे देंगे।
एस राजेश कुमार कन्याकुमारी जिले की किल्लियूर विधानसभा सीट से 2016, 2021 और 2026 में लगातार तीन बार विधायक चुने गए हैं।
DMK भी TVK के दावे पर उठा चुकी है सवाल
मुख्य विपक्षी दल DMK भी विजय को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा पर सवाल उठा चुका है। DMK नेता टीकेएस एलंगोवन ने अगस्त में कहा था कि कांग्रेस देश की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों में से एक है और लंबे समय तक देश पर शासन कर चुकी है। ऐसे में TVK विजय को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की इच्छा कैसे जता सकती है।
उन्होंने कांग्रेस के रुख को सही बताया था। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर के प्रधानमंत्री पद को लेकर हालिया ओपिनियन पोल को फर्जी बताए जाने पर भी एलंगोवन ने सहमति जताई और इसे “हेरफेर किया गया ओपिनियन पोल” बताया था। उन्होंने कहा था कि यह सभी राज्यों की राय को नहीं दर्शाता।

