तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय ने ED के दस्तावेज का हवाला देते हुए DMK सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, उदयनिधि स्टालिन की तृषा पर टिप्पणी को भी बताया आपत्तिजनक
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय ने विधानसभा में विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) पर जमकर निशाना साधा। विजय ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक दस्तावेज का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि DMK के कार्यकाल में ठेकेदारों को कुल टेंडर राशि का 10 प्रतिशत तक रिश्वत देने के लिए मजबूर किया जाता था।
विजय बोले- स्टालिन और उनके बेटे को हुआ फायदा
विजय ने आरोप लगाया कि नगर प्रशासन और जल आपूर्ति विभाग के तहत आने वाली परियोजनाओं में ठेकेदारों से रिश्वत ली जाती थी। उन्होंने दावा किया कि यह रकम सत्ताधारी पार्टी के फंड के नाम पर ट्रांसफर की जाती थी।
विजय ने कहा, “ED के दस्तावेज में पार्टी फंड के रूप में 7.5 प्रतिशत से 10 प्रतिशत राशि बताई गई है। रिश्वत नगर निगम विभाग से ली गई थी। इसके प्रत्यक्ष लाभार्थी एमके स्टालिन, उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन, रवि प्रसाद और कुछ अज्ञात व्यक्ति हैं।”
सरकारिया आयोग की रिपोर्ट का भी किया जिक्र
विजय ने 1970 के दशक में DMK सरकार के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए गठित सरकारिया आयोग की रिपोर्ट का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के एक अध्याय में दयानिधि मारन द्वारा पार्टी फंड के नाम पर 2.5 प्रतिशत राशि की मांग किए जाने का उल्लेख है।
विजय ने कहा, “एक अध्याय में कहा गया है कि दयानिधि मारन ने पार्टी फंड के रूप में 2.5 प्रतिशत की मांग की थी। निविदा 16 करोड़ रुपये की थी। जब हमने थोड़ी छानबीन की तो बहुत कुछ सामने आया। रिश्वत किश्तों में ली गई थी, जैसे कर्ज की EMI ली जाती है।”
तृषा विवाद पर बोले विजय- महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं
विजय ने उदयनिधि स्टालिन की अभिनेत्री तृषा को लेकर की गई टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी व्यक्ति या महिला पर व्यक्तिगत हमला नहीं होना चाहिए।
विजय ने कहा, “किसी व्यक्ति या महिला पर व्यक्तिगत हमला नहीं किया जाना चाहिए। महिलाओं की वजह से ही मुझे जीत मिली है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है और उसमें कड़ी आलोचना भी हो सकती है, लेकिन महिलाओं के खिलाफ मानहानिकारक या अपमानजनक भाषा की कोई जगह नहीं है। मैं महिलाओं के खिलाफ ऐसी भाषा को सहन नहीं करूंगा।”
विजय के संबोधन की बड़ी बातें
विजय ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, चाहे उसका संबंध किसी भी राजनीतिक दल से हो।
उन्होंने कहा कि पुलिस को सत्ता का केंद्र नहीं बनना चाहिए, बल्कि लोगों का रक्षक होना चाहिए।
विजय ने बताया कि राज्य के सभी 37 जिलों में एंटी-ड्रग स्क्वॉड बनाए गए हैं। चेन्नई में पिछले तीन महीनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत 330 मामले दर्ज किए गए और 556 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

