रामानंद सागर के पोते ने रणबीर कपूर की कास्टिंग पर जताई आपत्ति, साई पल्लवी और यश की कास्टिंग की तारीफ; कहा- अंतिम फैसला जनता का होगा
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं। उनकी कास्टिंग को लेकर पहले से ही चर्चाएं और सवाल उठते रहे हैं। अब रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने भी रणबीर को राम के किरदार में लेने पर अपनी आपत्ति जाहिर की है।
शिव सागर के मुताबिक, साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘एनिमल’ में रणबीर कपूर की पर्दे पर बनी छवि को देखने के बाद उनके लिए अभिनेता को भगवान श्रीराम के रूप में स्वीकार करना व्यक्तिगत तौर पर मुश्किल है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी आपत्ति रणबीर की अभिनय क्षमता को लेकर नहीं, बल्कि उनकी पिछली ऑन-स्क्रीन छवि को लेकर है।
रणबीर की जगह नए चेहरे को चुनने की कही बात
रिपोर्ट के मुताबिक, शिव सागर ने कहा कि उन्हें ‘रामायण’ की बाकी कास्टिंग पसंद आई है, लेकिन रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में देखना उनके लिए आसान नहीं है। उनका मानना है कि इस भूमिका के लिए किसी नए चेहरे को मौका दिया जाना चाहिए था।
उन्होंने यह संभावना भी जताई कि रणबीर कपूर को फिल्म की मार्केटिंग रणनीति के तहत चुना गया हो सकता है। उनके मुताबिक, रणबीर की बड़ी स्टार पावर की वजह से फिल्म को लेकर चर्चा और दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ती है।
साई पल्लवी और यश की कास्टिंग की तारीफ
शिव सागर ने ‘रामायण’ में सीता के किरदार के लिए साई पल्लवी और रावण की भूमिका के लिए यश की कास्टिंग की तारीफ की। उन्होंने कहा कि साई पल्लवी जैसे कलाकारों को भी इस तरह की भूमिकाओं के लिए चुना जा सकता है, जिनकी कोई विवादित पुरानी छवि नहीं है।
हालांकि, शिव सागर ने यह भी माना कि आखिरकार फिल्म को लेकर फैसला दर्शक ही करेंगे। अगर जनता रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में पसंद करती है, तो उनकी व्यक्तिगत राय का कोई महत्व नहीं रहेगा।
उन्होंने कहा कि ‘जनता ही राजा है’ और इस फिल्म में रणबीर कपूर को भगवान श्रीराम के रूप में स्वीकार करना है या नहीं, इसका अंतिम फैसला भी जनता ही करेगी।

